Logo
Header
img

दो भैंसों ने वंदे भारत ट्रेन का रास्ता रोका

 6 अक्टूबर (हि.स.)।अहमदाबाद. हाल में शुरू की गई गांधीनगर-मुंबई वंदे भारत ट्रेन गुरुवार सुबह अहमदाबाद के वटवा के समीप ट्रैक पर अचानक दो भैसों के आने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में ट्रेन का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है। प्रधानमंत्री मंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे 6 दिन पहले ही हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत कराई थी।

पश्चिम रेलवे के पीआरओ जितेन्द्र जयंत के अनुसार गुरुवार सुबह 11.15 बजे हादसा हुआ। दो भैंस अचानक ट्रैक पर आ गई। ट्रेन की हाइस्पीड की वजह से अचानक ब्रेक नहीं लगाया जा सकता था। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्पीड कम कर ट्रेन को धीरे-धीरे रोका गया, इससे ट्रेन की भैंस से टक्कर हो गई। हादसे में ट्रेन का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि तत्काल इसकी मरम्मत कर ट्रेन को रवाना कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक ट्रेन के इंजन के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं एक ओर समग्र हिस्सा बाहर आ गया था।

गांधीनगर और मुंबई के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को 30 सितम्बर को पीएम नरेन्द्र मोदी ने गांधीनगर रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखा कर रवाना कराई थी। इसके बाद उन्होंने ट्रेन में सवार होकर गांधीनगर से अहमदाबाद के कालूपुर स्टेशन तक यात्रा भी की।

गांधीनगर से यह ट्रेन दोपहर 2.05 बजे रवाना होती है और रात 8.35 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचती है। इस दौरान ट्रेन का स्टापेज सूरत, वडोदरा और अहमदाबाद स्टेशन पर है। पीएमओ वंदे भारत एक्सप्रेस एक गेम चेंजर मानता है, क्योंकि यह देश के दो व्यापारिक शहरों के बीच संपर्क को बढ़ावा देगा।

गांधीनगर-मुंबई वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस एक अक्टूबर से आम जनता के लिए शुरू हुई। रविवार को छोड़कर यह सप्ताह में 6 दिन संचालित हो रही है। मुंबई सेंट्रल स्टेशन से यह ट्रेन सुबह 6.10 बजे रवाना होकर दोपहर 12.30 बजे गांधीनगर पहुंचती है। वंदे भारत ट्रेन में 16 कोच है और महज 140 सेंकेड के भीतर यह 160 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार पकड़ सकती है। इस ट्रेन में विमान जैसे बायो-वैक्यूम शौचालय की सुविधा है।

मुंबई से अहमदाबाद के एग्जिक्यूटिव कोच का किराया 2,505 रुपए है जबकि चेयर कार कैटेगरी का किराया 1,385 रुपए है। वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए रेलवे ने मुंबई और अहमदाबाद के बीच चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस के संचालन के समय में परिवर्तित किया है। वंदे भारत ट्रेन अधिक उन्नत और बेहतर सुविधाओं से लैस है। केवल 52 सेकंड में इसकी गति 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे होती है। इसकी अधिकतम गति 180 किलोमीटर प्रति घंटे तक है।


Top