Logo
Header
img

चोरी मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार, 4.50 लाख रुपये का माल बरामद

प्रयागराज, 21 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नवाबगंज थाने की पुलिस टीम ने शनिवार को चोरी के मामले में फरार आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने उसके कब्जे से चोरी के आभूषण व नकदी बरामद किया है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित नवाबगंज थाना क्षेत्र के कराहा तलाब मोहरब गांव निवासी शाश्वत कुमार गौतम उर्फ शानू है। इसके खिलाफ नवाबगंज में धारा 305(ए)/331(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर शनिवार को श्रृंगवेरपुर अंडरपास के समीप से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के पीली धातु के 2 मंगलसूत्र, 6 जोड़ी कान की झुमकी, 2 अंगूठी, 1 नाक की कील व 1 नाक की बाली तथा सफेद धातु के 3 जोड़ी पायल, 1 जोड़ी छागल, 1 जोड़ी हाथ का फूल और 28 पैर की बिछिया बरामद हुई। इसके अलावा 3000 रुपये नकद भी बरामद किया है।

डीसीपी गंगानगर ने बताया कि उल्लेखनीय है कि 18 मार्च की रात वादी के घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे आभूषण व नकदी चोरी कर ली थी। घटना के संबंध में थाना नवाबगंज में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई थी।

गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) भा.न्या.सं. की बढ़ोतरी कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आकाश सचान, उपनिरीक्षक जैकी गौड़ तथा कांस्टेबल जय प्रकाश यादव शामिल रहे।

Top