हुगली, 21 सितंबर(हि. स.)। हुगली जिले के श्रीरामपुर रमेश चंद्र गर्ल्स हाई स्कूल में बुधवार को स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रधानाध्यापिका का घेराव किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घंटों अपने कक्ष में कैद रहने के बाद रात तकरीबन साढ़े आठ बजे प्रधानाध्यापिका विद्यालय से बाहर निकलने में सफल हुईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को विद्यालय की सहायक शिक्षिका शबरी सान्याल विद्यालय आयी थीं लेकिन उपस्थिति पुस्तिका पर हस्ताक्षर नहीं किया था। शिक्षिका बुधवार को जब उपस्थिति पुस्तिका पर हस्ताक्षर करने गईं तो उन्होंने देखा कि उनके हस्ताक्षर के स्थान पर लाल स्याही लगी हुई थी। इससे शिक्षिका नाराज हो गईं और अन्य स्टाफ के साथ मिलकर प्रधान शिक्षिका का घेराव कर दिया। स्कूल की शिक्षिकाओं का आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापिका उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही हैं।
हालांकि, स्कूल के नियमों के मुताबिक आने के बारे में वह कुछ नहीं कहना चाहते।
प्रधानाध्यापिका लोपामुद्रा संतारा का आरोप है कि शिक्षक-शिक्षिकाएं विद्यालय में किसी भी नियम-कानून का पालन नहीं करना चाहते हैं। वे समय पर नहीं आते। मैंने उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया है। गत शनिवार को शबरी मैडम स्कूल आई थी, लेकिन हस्ताक्षर नहीं किए। यदि शिक्षक ही अनुशासन का पालन नहीं करेंगे तो विद्यार्थियों को कैसे पढ़ाएंगे। मैं चाहती हूं कि स्कूल नियमानुसार चले।
स्कूल प्रबंधन कमिटी के अध्यक्ष सुशांत चौधरी ने कहा कि हम बातचीत के जरिए समस्या का समाधान निकालना चाहते हैं। इसलिए हमने पुलिस नहीं बुलाई। पुलिस बुलाने से इस तरह की समस्या का समाधान नहीं होता। अंतत: रात करीब साढ़े आठ बजे विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष के हस्तक्षेप से प्रधानाध्यापिका को घेराबंदी से मुक्त कराया गया।