पानीपत, 30 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने सेक्टर 11 में मिठाई की दो दुकानों का शटर उखाड़कर नकदी चोरी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को सिवाह बस अड्डा के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सेक्टर 11 निवासी शिवम सिंगला के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने अपने तीन अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर चोरी की उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा।
पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार काे बताया कि गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि सिवाह बस अड्डा के पास संदिग्ध किस्म का एक युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान सेक्टर 1 1निवासी शिवम के रूप में बताई। पूछताछ करने पर आरोपी ने फरार अपने तीन अन्य साथी आरोपी फैजान, उस्मान और साहिब के साथ मिलकर 22 अप्रैल की सुबह सेक्टर 11 में स्थित मिट्ठन की मिठाई की दो दुकानों का शटर उखाड़कर एक दुकान में गल्ले से 1 लाख और दूसरी दुकान से 20 हजार रूपए की नकदी चोरी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। चोरी की उक्त वारदात थाना चांदनी बाग में सेक्टर 12 निवासी राजेंद्र गुप्ता की शिकायत पर अभियोग दर्ज है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया उसने और फरार उसके तीन अन्य साथी आरोपियों ने अपने मंहगे शौक पूरे करने के लिए मिठाई की दुकानों से नकदी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी शिवम को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ वारदात में प्रयुक्त कार व चोरी की नकदी बरामद करने और वारदात में शामिल फरार इसके तीनों साथी आरोपियों के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।