नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)।
प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) का छठा सत्र 3 से 19 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्वावधान में होने वाली इस प्रतियोगिता के मुकाबले केडी जाधव कुश्ती हॉल में खेले जाएंगे। लीग ने मंगलवार को संशोधित कार्यक्रम की घोषणा के साथ बताया कि आगामी सत्र के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 30 नवंबर 2026 को मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में होगी।
छठे सत्र में छह फ्रेंचाइजी खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। लीग में 86 शीर्ष पुरुष और महिला पहलवान हिस्सा लेंगे, जिनमें 34 अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता शामिल होंगे। इनमें ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप और अन्य प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेता पहलवान भी शामिल हैं।
लीग के कार्यक्रम में बदलाव संयुक्त विश्व कुश्ती के कैलेंडर में संशोधन के कारण किया गया है। आयोजकों के अनुसार, इससे प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कार्यक्रम के अनुरूप रहेगी और भारत सहित दुनिया के शीर्ष पहलवानों को इसमें हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा।
आगामी सत्र के लिए होने वाली नीलामी में दुनिया के कई दिग्गज पहलवानों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें ओलंपिक पदक विजेता, विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता और भारत के प्रमुख पहलवान भी शामिल होंगे। सभी छह फ्रेंचाइजी अपनी टीमों को मजबूत बनाने के लिए उपलब्ध खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी।
नीलामी में लीग के पिछले रिकॉर्ड की भी चर्चा रहेगी। पिछली नीलामी में जापान की दिग्गज पहलवान युई सुसाकी सबसे महंगी खिलाड़ी बनी थीं। उन्हें 60 लाख रुपये की बोली के साथ खरीदा गया था। यह प्रो रेसलिंग लीग के इतिहास में किसी खिलाड़ी के लिए लगी सबसे बड़ी बोली थी।
भारतीय पहलवानों में अमन सहरावत, अंतिम पंघाल और सुजीत कलकल सबसे ज्यादा मांग वाले खिलाड़ी रहे थे। इन तीनों को 50 लाख रुपये से अधिक की कीमत मिली थी। आगामी नीलामी में भी फ्रेंचाइजी की रणनीतिक खरीदारी और खिलाड़ियों पर लगने वाली बोलियों को लेकर काफी उत्साह रहने की उम्मीद है।
प्रो रेसलिंग लीग के अध्यक्ष दयान फारूकी ने कहा, “प्रो रेसलिंग लीग ने हमेशा अपने कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कैलेंडर के अनुरूप रखा है। संयुक्त विश्व कुश्ती के कैलेंडर में संशोधन के बाद हमने छठे सत्र को 3 से 19 जनवरी 2027 तक आयोजित करने का फैसला किया है। अब हम एक नए और रोमांचक अध्याय की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए खिलाड़ियों की नीलामी 30 नवंबर को होगी। इस नीलामी में दुनिया के कुछ बेहतरीन पहलवान हिस्सा लेंगे, जिनमें विश्वस्तरीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और भारत के शीर्ष सितारे शामिल हैं। इससे अत्यंत प्रतिस्पर्धी सत्र की नींव तैयार होगी। हमारा लक्ष्य ऐसी लीग तैयार करना है, जिसमें प्रतियोगिता का उच्चतम स्तर हो, पहलवानों को शानदार मंच मिले और प्रशंसकों को यादगार अनुभव हासिल हो। हम रोमांचक नीलामी और दिल्ली में शानदार छठे सत्र के आयोजन के लिए उत्साहित हैं।”
प्रो रेसलिंग लीग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अखिल गुप्ता ने कहा, “प्रो रेसलिंग लीग में हमारा ध्यान हमेशा विश्वस्तरीय कुश्ती मुकाबले कराने और प्रशंसकों को यादगार अनुभव देने पर रहा है। छठे सत्र में 34 अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं सहित 86 शीर्ष पहलवान हिस्सा लेंगे। हमें विश्वास है कि प्रशंसकों को एक ही मंच पर दुनिया के बेहतरीन पहलवानों के बीच मुकाबले देखने को मिलेंगे। शीर्ष अंतरराष्ट्रीय पहलवानों की भागीदारी प्रतियोगिता में नया रोमांच जोड़ेगी और भारत में पेशेवर कुश्ती के स्तर को और ऊंचा करेगी। हम रोमांचक मुकाबलों, कड़ी प्रतिद्वंद्विता और विश्वस्तरीय खेल प्रदर्शन से भरे सत्र के लिए प्रशंसकों का फिर से स्वागत करने को उत्सुक हैं।”
छठे सत्र में खिताब के लिए छह फ्रेंचाइजी प्रतिस्पर्धा करेंगी। इनमें मुंबई डंगल्स के टाइगर्स, हरियाणा थंडर्स, दिल्ली दंगल वॉरियर्स, महाराष्ट्र केसरी, पंजाब रॉयल्स और यूपी डॉमिनेटर्स शामिल हैं।
प्रतियोगिता में 86 पुरुष और महिला पहलवान हिस्सा लेंगे। इनमें 34 ओलंपियन तथा राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता शामिल होंगे। जापान की ओलंपिक चैंपियन युई सुसाकी सहित दुनिया के कई दिग्गज पहलवानों के इसमें हिस्सा लेने की उम्मीद है। भारत के प्रमुख पहलवान भी प्रतियोगिता में अपनी चुनौती पेश करेंगे।
लीग में ओलंपिक की नौ भार श्रेणियों में मुकाबले होंगे। पुरुषों की स्पर्धाएं 57, 65, 74, 86 और 125 किलोग्राम भार वर्ग में होंगी। वहीं, महिलाओं के मुकाबले 53, 57, 62 और 76 किलोग्राम भार वर्ग में खेले जाएंगे।
लीग का मुकाबला प्रारूप पहले की तरह प्रसारण के अनुकूल रहेगा। प्रत्येक मुकाबले में तीन-तीन मिनट के दो राउंड होंगे। इसमें ‘पावर मिनट’ का नियम भी जारी रहेगा। इसके तहत मुकाबले के अंतिम 60 सेकंड में हासिल होने वाले सभी अंक दोगुने हो जाएंगे। इससे मुकाबलों के अंतिम क्षणों में रोमांच और बढ़ेगा।
पांचवें सत्र का समापन रोमांचक फाइनल के साथ हुआ था, जिसमें गत चैंपियन हरियाणा थंडर्स ने दिल्ली दंगल वॉरियर्स को 5-4 से हराकर खिताब जीता था। अब छठे सत्र से भारत में प्रतिस्पर्धी कुश्ती के नए मानक स्थापित होने की उम्मीद है।