सहरसा, 24 नवंबर (हि.स.)। सर्दियों की दस्तक के साथ ही हजारों किलोमीटर का सफर तय कर साइबेरिया, मध्य एशिया, उत्तरी यूरोप और रूस से प्रवासी पक्षियों के पहुंचने से कोसी नदी और उसके तटों की रौनक बढ़ गई है।
विभिन्न प्रजातियों के इन प्रवासी व अप्रवासी पक्षियों के सुरक्षित प्रवास और शिकार पर रोक लगाने के लिए वन विभाग ने कमर कस ली है। सुपौल सीमा से नवहट्टा और महिषी होते हुए सलखुआ के खोचरदेवा तक लगभग 40 किलोमीटर के क्षेत्र में नाव से नियमित गश्ती शुरू की गई है, जिसके लिए वनपाल और वनरक्षियों की कई टीमें तैनात की गई हैं।
लाल पांव वाली दुर्लभ 'स्पॉटेड रेडशेंक' समेत विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों के सुरक्षित प्रवास पर फोकस
वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) भरत चिन्तपल्ली ने गश्ती टीमों को 24 घंटे चौकस रहकर निगरानी करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने बताया कि अनुकूल माहौल और पर्याप्त भोजन की उपलब्धता के कारण कोसी नदी, तट, झील, तालाब और आर्द्रभूमियां सर्दियों में इन पक्षियों का सुरक्षित ठिकाना बनती हैं।
नवहट्टा ई-2 से करीब एक किलोमीटर दूर 11 के झुंड में लाल पैर वाली पक्षियों का दिखना कौतूहल का विषय रहा। डीएफओ भरत चिन्तपल्ली ने बताया कि तटीय प्रवासी पक्षी स्पॉटेड रेडशेंक का दिखना दुर्लभ जैसा है। मध्यम आकार की यह पक्षी साइबेरिया और यूरोप से हजारों किलोमीटर की यात्रा कर सर्दियों में भारत आती है। यह बदलते मौसमी रंग, लंबी पतली चोंच, लाल पैरों और सीटी जैसी आवाज के लिए जानी जाती है।
डीएफओ भरत चिन्तपल्ली ने कहा-
शिकार व महाजाल पर होगी सख्त कार्रवाई, ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक
डीएफओ भरत चिन्तपल्ली ने कहा कि सर्द मौसम में कोसी नदी और उसके तटों पर प्रवासी व अप्रवासी पक्षियों का बड़ा जमावड़ा होता है, जिसे देखते हुए सहरसा जिले के नवहट्टा से महिषी होते हुए सलखुआ के खोचरदेवा तक लगभग 40 किमी क्षेत्र में नाव से नियमित गश्ती के लिए वनपाल और वनरक्षियों की टीमें गठित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि केवल चौकसी के साथ-साथ नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों को प्रवासी-अप्रवासी पक्षियों, कछुओं और गांगेय डॉल्फिन के महत्व के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। संवाद के माध्यम से लोगों को यह समझाया जा रहा है कि पक्षियों और जलीय जीवों के प्रति स्नेह और मेलजोल बढ़ाकर उनमें सुरक्षा की भावना कैसे पैदा की जाए। डीएफओ के अनुसार, पर्यावरणीय दृष्टि से कोसी नदी पक्षियों और जलीय जीवों के बेहद अनुकूल है, इसलिए इनके संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। शिकार या नदी-झील में कहीं भी महाजाल दिखने पर इसकी शिकायत सीधे वन प्रमंडल पदाधिकारी से करने की अपील की गई है, जिस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। औचक निरीक्षण से पेट्रोलिंग की जांच भी हो रही है। सर्वेक्षण में पक्षियों, डॉल्फिन व कछुओं की मौजूदगी दर्ज
गश्ती नियमित रूप से हो रही है या नहीं, इसकी जांच के लिए औचक निरीक्षण भी शुरू कर दिया गया है। वनों के क्षेत्र पदाधिकारी वीरेन्द्र कुमार राय ने बताया कि नदी और तट पर पेट्रोलिंग की नियमितता सुनिश्चित करने के लिए औचक निरीक्षण किया जा रहा है, और डीएफओ भी स्वयं औचक निरीक्षण कर सकते हैं।
हालिया भ्रमण और जलीय जीव
बीते शनिवार को बीएनएमयू मधेपुरा के पीएचडी और एमएससी शोधार्थियों व छात्र-छात्राओं को कोसी की जैव विविधता दिखाने गए वन अधिकारियों को 26 प्रजातियों के 245 प्रवासी व अप्रवासी पक्षी तथा 10 गांगेय डॉल्फिन दिखे। कोसी में गांगेय डॉल्फिन, कछुओं और छोटा गरुड़ज के अलावा नदी में तैरते घड़ियाल भी देखे जाते रहे हैं।
सर्वेक्षण के आंकड़े
दिसंबर 2025 में नवहट्टा से एकाढ़ तक सर्वेक्षण में 30 प्रजातियों के 600 पक्षी तथा नवहट्टा से खोचरदेवा तक सर्वेक्षण में 76 प्रजातियों के 3,200 पक्षी, 38 गांगेय डॉल्फिन और 250 कछुए दर्ज हुए थे। जनवरी 2026 में 179 प्रजातियों के पक्षी दिखे, जबकि फरवरी 2026 में कोसी महासेतु से वीरपुर बराज तक विशेषज्ञों के सर्वेक्षण में 92 प्रजातियों के 4,233 प्रवासी-अप्रवासी पक्षी और 8 किलोग्राम वजन तक के 250 कछुए पाए गए।