Logo
Header
img

इस्लामाबाद में पार्क में टहलने गई लड़की से हथियार के बल पर रेप

इस्लामाबाद, 05 फरवरी (हि.स.)। पाकिस्तान में आर्थिक हालात के साथ कानून व्यवस्था की हालत भी कुछ अच्छी नहीं है। ताजा घटनाक्रम में राजधानी इस्लामाबाद में पार्क में टहलने गई लड़की को दो हथियारबंद लोगों ने बंदूक के बल पर धमकाया और उसका रेप किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस घटना के विरोध में लोगों को गुस्सा फूट रहा है। पीड़िता इस्लामाबाद के एफ-9 के एक पार्क में किसी सहयोगी के साथ थी। इसी दौरान पीड़िता के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। एफआईआर में कहा गया है कि हमलावरों ने युवती को बेरहमी से पीटा। इस दौरान पीड़िता ने अपनी सुरक्षा के बदले में उन्हें पैसे भी देने की पेशकश भी की, लेकिन हमलवारों ने उसे मारा। रिपोर्ट के अनुसार, हमलावरों ने पीड़िता और उसके सहयोगी के भागने के प्रयासों को भी नाकाम कर दिया। साथ ही उन्होंने पीड़िता का सामान लौटाते हुए उसे चुप रहने के लिए 1,000 रुपये भी दिए। दुष्कर्म की खबर फैलते ही लोगों ने देश की राजधानी में हुई इस घटना की सोशल मीडिया पर निंदा की। एक शख्स ने ट्वीट कर लिखा कि एफ-9 पार्क के अंदर दो हथियारबंद लोगों ने एक लड़की के साथ दुष्कर्म किया और उसे सूर्यास्त के बाद पार्क में टहलने के लिए जाने से मना किया। पाकिस्तान कैसा देश बन गया है। हथियारबंद लोग पार्क में कैसे घुसे और किसी भी पुलिस कर्मी ने उन्हें क्यों नहीं पकड़ा। कृपया उन्हें ढूंढकर गिरफ्तार करें।
Top