Logo
Header
img

बिलासपुर जोन में वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम शुरू, प्रशिक्षण और पारदर्शिता को मिलेगा बढ़ावा

बिलासपुर, 21 मार्च (हि.स.)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन में तकनीकी उन्नयन की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। आज शनिवार काे विजिलेंस विभाग में अत्याधुनिक वीडियो रिकॉर्डिंग प्रणाली शुरू होने से अब निगरानी के साथ-साथ कर्मचारियों के प्रशिक्षण और कौशल विकास को भी नई गति मिलेगी।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन में विजिलेंस विभाग के तहत नई वीडियो रिकॉर्डिंग प्रणाली का शुभारंभ किया गया। इस अत्याधुनिक सिस्टम का उद्घाटन महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया। नई प्रणाली के माध्यम से हर मिनट लगभग 600 वीडियो रिकॉर्ड किए जा सकेंगे। यह तकनीक न केवल निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि कर्मचारियों और अधिकारियों के प्रशिक्षण में भी अहम भूमिका निभाएगी।

इस प्लेटफॉर्म में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे अधिकारी और कर्मचारी ‘कभी भी, कहीं भी’ प्रशिक्षण सामग्री तक पहुंच सकेंगे। रिकॉर्ड किए गए वीडियो 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे, जिससे सीखने की प्रक्रिया अधिक लचीली और प्रभावी बनेगी। कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक ने इस पहल को सुशासन और क्षमता निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत किया जा सकता है।

इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक मनोज गुरुमुखी सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस पहल के तहत अलग-अलग विभागों द्वारा तकनीकी और प्रशासनिक विषयों पर वीडियो एवं मल्टीमीडिया मॉड्यूल तैयार किए जाएंगे। इससे कर्मचारियों के ज्ञान और कार्यकुशलता में सुधार होगा।

सभी विभागों के लिए 6 टीबी डिजिटल स्टोरेज की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिसमें लगभग 6000 वीडियो सुरक्षित रखे जा सकते हैं। यह सुविधा केवल विजिलेंस विभाग तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे जोन के लिए उपयोगी साबित होगी। रेलवे का मानना है कि इस नई प्रणाली से न केवल संस्थागत ज्ञान का बेहतर आदान-प्रदान होगा, बल्कि कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की संस्कृति भी मजबूत होगी।

Top