Logo
Header
img

पानीपत में इनेलो कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

पानीपत, 01 जून (हि.स.)। पानीपत में इंडियन नेशनल लोकदल ने सोमवार को बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों पर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारे बाजी की। जिला अध्यक्ष कुलदीप राठी की अंगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला सचिवालय पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए युवाओं को रोजगार देने और आसमान छूती महंगाई पर तुरंत नियंत्रण लगाने की मांग उठाई। जिला सचिवालय के बाहर आयोजित प्रदर्शन में इनेलो कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

जिला अध्यक्ष कुलदीप राठी ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़कर रख दी है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आसमान छूती कीमतों के कारण मध्यम और गरीब वर्गीय परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है और जनता का जीवन दुभर हो गया है। साथ ही पढ़े-लिखे युवाओं को रोजगार न मिलने के कारण प्रदेश में बेरोजगारी का ग्राफ लगातार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रहा है। उन्होंने कहा, bjp सरकार की गलत और जनविरोधी नीतियों के कारण आज समाज का हर वर्ग त्रस्त है। इनेलो के वरिष्ठ नेताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यदि आम जनता की इन मूलभूत और गंभीर समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो इनेलो आंदोलन को पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर तेज गति से चलाएगी।

Top