जयपुर/चित्तौड़गढ़, 10 मार्च (हि.स.)। राजस्थान पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई करते हुए राशमी थाना क्षेत्र में गन्ने की फसल की आड़ में की जा रही अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने खेत से 5317 अफीम के पौधे और 780 ग्राम शुद्ध अफीम का दूध जब्त कर खेत मालिक को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर राशमी थाना पुलिस ने गांव भालोटा की खेड़ी में खेत पर दबिश दी। खेत में गेहूं, चना और गन्ने की फसल के बीच अवैध अफीम की खेती की जा रही थी।
पुलिस टीम ने मौके से कुल 5317 अफीम के पौधे (वजन 431 किलो 460 ग्राम) और अफीम डोडों से निकाला गया 780 ग्राम अफीम का दूध जब्त किया। साथ ही अफीम चिराई और लुवाई में उपयोग होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए।
मामले में खेत मालिक शोभा लाल जाट (45) निवासी भालोटा की खैड़ी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पहले भी गन्ने की फसल की आड़ में अफीम की खेती करता रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।