पानीपत, 10 जून (हि.स.)। पानीपत के सनौली स्थित हाईवे के नजदीक बुधवार को एक युवक का शव पड़ा मिला। यह शव कुराड़ से जलालपुर प्रथम के बीच स्थित हाईवे के पास, मॉडर्न पॉलीमर्स कंपनी के नजदीक बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, राहगीरों ने हाईवे के किनारे एक युवक को पड़े हुए देखा। जब पास जाकर देखा गया तो युवक के शरीर पर चोटों के गहरे निशान थे और वह मृत अवस्था में था। राहगीरों ने इसकी सूचना स्थानीय सनौली थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता और शव पर चोट के निशानों को देखते हुए तुरंत फॉरेंसिक साइंस लैब की इंचार्ज नीलम आर्य भी अपनी टीम के साथ भी घटनास्थल पर पहुंची, दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा शव के आसपास और मौके से कई महत्वपूर्ण तथ्यों को अपने कब्जे में लिया, ताकि वारदात की कड़ियों को जोड़ा जा सके।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, शव की हालत और चोटों के निशानों को देखते हुए प्राथमिक दृष्टि से यह सीधे तौर पर हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। ऐसा अंदेशा है कि युवक की किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद शव को यहां हाईवे के किनारे लाकर फेंका गया है। शव का पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने शव को पानीपत के सिविल अस्पताल भिजवा दिया है, जहां उसे आगामी पोस्टमॉर्टम और पहचान के लिए सुरक्षित शवगृह में रखवा दिया गया है। शव की पहचान के लिए पुलिस ने मृतक युवक की तस्वीरें सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स और पुलिस के वॉट्सएप ग्रुप्स पर शेयर की गई हैं, ताकि कोई उसकी पहचान कर सके।