नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में बैठकों का दौर तेज हो गया है। शनिवार सुबह भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संयुक्त मोर्चा के अध्यक्षों और पदाधिकारियों की बैठक ली। इस बैठक में 30 मई से 30 जून तक चले महा जनसंपर्क अभियान की समीक्षा की गई। सभी पदाधिकारियों ने अपने अपने मोर्चे में किए गए कार्यक्रमों और जन-जागरूकता अभियानों की रिपोर्ट अध्यक्ष को सौंपी।
इसके साथ इन बैठकों में आगामी चुनावों को लेकर होने वाली बैठकों का भी एजेंडा तैयार किया गया।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा 6, 7 और 8 जुलाई को राज्यों के पदाधिकारियों और शीर्ष नेताओं के साथ बैठक करने वाले हैं।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में विधान सभा और लोकसभा चुनावों से पहले सीटों के प्रबंधन का खाका भी तैयार किया गया। बैठक के दौरान भाजपा ने लोकसभा सीटों को तीन मुख्य क्षेत्रों में बांटा है, जिसमें उत्तर, दक्षिण और पूर्व क्षेत्र शामिल हैं। 6, 7 और 8 जुलाई को होने वाली बैठक में प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन मंत्री, सांसद, विधायक और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी बुलाएं गए हैं।