Logo
Header
img

तीन नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, निवारक हिरासत में भेजे



धर्मशाला, 19 फ़रवरी (हि.स.)। नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ एक निर्णायक कदम उठाते हुए पुलिस जिला नूरपुर की सिफारिश पर सक्षम प्राधिकारी ने तीन आदतन नशा तस्करों को निवारक निरोध अधिनियम के तहत हिरासत में लेने के आदेश जारी किए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जेल में भेज दिया है।

हिरासत में लिए गए आरोपियों में महिला तस्कर दलवीरो पत्नी अजय कुमार, निवासी ग्राम व डाकखाना छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा भी शामिल है। इसके अलावा खन्ना पुत्र सेठा राम, निवासी ग्राम व डाकखाना छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा तथा राज कुमार उर्फ सेठी पुत्र दौलत राम, निवासी ग्राम व डाकखाना भद्रोया, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा शामिल है। आदेश जारी होने के बाद, तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जिला कारागार एवं सुधार गृह कांगड़ा (धर्मशाला) में भेज दिया गया है ।

एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि नूरपुर पुलिस की यह कार्रवाई ड्रग तस्करों और आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के उनके संकल्प को दर्शाती है। जिला पुलिस नशा माफिया के नेटवर्क को ध्वस्त करने और समाज, विशेषकर युवाओं को इस खतरे से बचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Top