Logo
Header
img

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड दौरे को ऐतिहासिक बनाने में जुटी भाजपा

रांची, 05 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के छह और सात जून को प्रस्तावित दो दिवसीय झारखंड दौरे को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए प्रदेश भाजपा पूरी तरह सक्रिय हो गई है। दौरे से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी संगठन युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है।

इसी क्रम में शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में व्यवस्था टोली की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने की। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से संबंधित सभी कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन पर एयरपोर्ट स्वागत कार्यक्रम, विभिन्न स्थलों पर आयोजित समारोहों तथा संगठनात्मक बैठकों की तैयारियों पर विशेष चर्चा हुई।

दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा बिरसा मुंडा, कर्पूरी ठाकुर और कैलाशपति मिश्र की प्रतिमाओं एवं स्मारकों पर माल्यार्पण कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इन कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित होने वाली प्रदेश कोर कमेटी की बैठक, सांसदों और विधायकों की बैठक सहित अन्य संगठनात्मक कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। संबंधित समितियों से तैयारियों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रदेश नेतृत्व ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया ताकि राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की दृष्टि से प्रभावी साबित हो सके। पार्टी नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि यह दौरा झारखंड भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास से जुड़े सभी कार्यक्रमों की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, स्वागत कार्यक्रम, जनसंपर्क गतिविधियों तथा संगठनात्मक बैठकों के सफल संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।--------------

Top