Logo
Header
img

यमुनानगर:इंस्टाग्राम पर युवक से पांच लाख की फिराैती मांगी

यमुनानगर, 18 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में सोशल मीडिया के माध्यम से अपराध करने का एक और मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर गैंग का नाम लेकर एक युवक को धमकाते हुए पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार रादौर खंड के गांव मंसूरपुर निवासी गौरव को एक इंस्टाग्राम अकाउंट से संदेश प्राप्त हुआ। संदेश भेजने वाले ने स्वयं को एक कुख्यात गैंग से जुड़ा बताया और सीधे तौर पर पांच लाख रुपये की मांग रखी। आरोपी ने पैसे न देने की स्थिति में गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है। शिकायत में बताया गया कि संदेश में युवक और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही यह भी कहा गया कि उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और इस बार वह बच नहीं पाएगा। इस तरह के संदेश से युवक और उसका परिवार भयभीत हो गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी ने फर्जी पहचान का उपयोग करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए संपर्क साधा। पुलिस तकनीकी माध्यमों से आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर अपराध के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

Top