Logo
Header
img

भारतवंशी अमेरिकी सांसद रो खन्ना को मिला अहम पद

वाशिंगटन, 07 फरवरी (हि.स.)। डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद रो खन्ना और रिपब्लिकन पार्टी के सांसद माइक वाल्ट्ज को 118वीं कांग्रेस में ‘कांग्रेसनल कॉकस ऑन इंडिया एंड इंडियन अमेरिकंस’ का सह अध्यक्ष चुना गया है। इस पद पर चुने गए रो खन्ना (46) दूसरे भारतीय अमेरिकी हैं। इससे पहले 115वीं कांग्रेस (2015-2016) में डॉ. एमी बेरा को सह अध्यक्ष चुना गया था। एमी बेरा तब कांग्रेस में सेवा देने वाले एकमात्र भारतीय-अमेरिकी थे। इस समय डॉ. बेरा, रो , राजा कृष्णमूर्ति, प्रमिला जयपाल और श्री थानेदार सहित पांच भारतीय-अमेरिकी कांग्रेस का हिस्सा हैं। कांग्रेसनल कॉकस ऑन इंडिया एंड इंडियन अमेरिकंस में सांसदों का किसी देश से संबद्ध सबसे बड़ा एवं विशिष्ट द्विदलीय गठबंधन है। यह दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतांत्रिक देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसका गठन 1993 में किया गया था। उल्लेखनीय है कि भारतवंशी अमेरिकी सांसद रो खन्ना यह कहकर पहले से सुर्खियों में हैं कि वह कैलिफोर्निया से सीनेट के लिए चुनाव लड़ने की संभावना तलाश रहे हैं। इसके बाद अमेरिका के कई प्रांतों के डेमोक्रेटिक पार्टी सदस्यों के बीच यह अटकल तेज हो गई है कि हो सकता है कि उनकी नजर भविष्य में देश के राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ने पर हो।
Top