अजमेर, 12 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम व्यक्त करने के लिए अनेक नागरिक राष्ट्रध्वज को वाहनों पर लगाते हैं, जेब में रखते हैं अथवा बच्चों को खेलने के लिए दे देते हैं। इसके परिणामस्वरूप, पर्व के अगले दिन राष्ट्रध्वज सड़कों पर फटे हुए, गंदगी और कूड़े-कचरे में पड़े मिलते हैं। देश की आन-बान-शान तिरंगे, जिसके लिए अनगिनत क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी, का यह अनादर राष्ट्रप्रेमियों की भावनाओं को आहत करता है।
इस अनादर को रोकने और नागरिकों में राष्ट्रीय कर्तव्य भावना का प्रसार करने के लिए हिन्दू जनजागृति समिति की ओर से विगत 16 वर्षों से ‘राष्ट्रध्वज का सम्मान करें’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अजमेर में पिछले 15 दिनों से समिति के स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं धर्मप्रेमियों द्वारा व्यापक जन-जागृति अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत अजमेर के जिला कलेक्टर लोकबंधु को ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रध्वज का अनादर रोकने हेतु आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया। जिला कलेक्टर ने समिति की इस पहल की सराहना करते हुए अभियान को पूर्ण प्रशासनिक समर्थन देने का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने के उद्देश्य से विभिन्न विद्यालयों के प्रमुखों को भी ज्ञापन सौंपे गए। इनमें राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्या कविता अजवानी, राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय के प्रधानाचार्य शशिकांत शर्मा, रयान इंटरनेशनल स्कूल तथा आर्यभट्ट वर्ल्ड स्कूल प्रमुख रूप से शामिल हैं।
साथ ही पेंशनर समाज से जुड़े परिवारों तक जागृती के लिए राजस्थान पेंशनर समाज अजमेर के अध्यक्ष कश्मीर सिंह को भी ज्ञापन दिया गया।
समिति ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल अजमेर तक सीमित न रहकर संपूर्ण देश में आयोजित किया जा रहा है। ज्ञापन प्रस्तुत करते समय समिति के सुगंध मिश्रा, चंद्रा लालवानी, सी.ए. लव तामरा सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।