फलोदी जिले के चाखू पुलिस थाने में कार्यरत हैडकांस्टेबल की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव शुक्रवार सुबह थाने में ही बने पानी के टांके में मिला। सुसाइड किया या हादसा था, इस बारे में पुलिस की तरफ से अनुसंधान किया जा रहा है। मृतक का पुत्र तिंवरी उपप्रधान है। शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। परिजन की तरफ से दी जाने वाली रिपोर्ट पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। घटना की जानकारी पर फलोदी जिला पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल आदि वहां पहुंचे, और मौका मुआयना किया।
फलोदी जिला पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल ने बताया कि ओसियां का बाना का बास निवासी 51 साल का चैनाराम पुत्र गोमाराम जाट चाखू पुलिस थाने में हैडकांस्टेबल के पद पर कार्यरत था। वह थाने की बैरिक में ही रहता था। रात में वह गश्त पर था और ड्यूटी कर रहा था। आज सुबह उसका पता नहीं चलने पर तलाश की गई तो उसका शव थाने में ही बने पानी के टांके में पड़ा मिला। इस पर बाद में पुलिस के अधिकारियों के साथ वे भी मौके पर पहुंचे।
एसपी बसंल ने बताया कि मौके पर डॉग स्क्वयड को बुलाया गया है। चैनाराम ने सुसाइड किया या यह हादसा था इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। सुसाइड नोट जैसी चीज नहीं मिली है। बैरिक की भी तलाशी ली गई। उन्होंने बताया कि डॉग स्क्वयड को बुलाकर पता लगाया गया। चैनाराम का बेटा खीमाराम तिंवरी में उपप्रधान है। शव को बाप सीएचसी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजन की तरफ से दी जाने वाली रिपोर्ट पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। चैनाराम वर्ष 2022 से चाखू थाने में तैनात था।
दूसरी तरफ सूत्रों ने बताया कि दो दिन पूर्व ही एक कार्यक्रम में ओसियां में राजनीतिक पार्टी की एक महिला द्वारा उप प्रधान पर तंज कसा गया था, उसके बाद नोंकझोक के बाद पुलिस ने राजनीतिक दबाव के चलते उप प्रधान को सभा स्थल से गिरफ्तार कर थाने लेकर जाने के बाद हैड कांस्टेबल पिता परेशान चल रहा था। जिसके आहत होकर उप प्रधान के पिता चैनाराम द्वारा सुसाइड करने की अफवाहें भी ओसियां क्षेत्र में फैली हुई है। परिजन और उप प्रधान के समर्थक इसमें ओसियां पुलिस पर राजनीतिक दबाव में कार्रवाई किए जाने का आरोप लगा रहे है।