ग्वालियर, 07 सितम्बर (हि.स.)। ‘नन्द घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की’ जयकारों के साथ गुरुवार को मध्य प्रदेश में श्री कृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति-भाव के साथ मनाया गया। इस दौरान भगवान कृष्ण का अद्भुत श्रंगार किया गया और रात्रि 12 बजे बैण्डबाजों और आतिशबाजी के साथ मन्दिरों में भगवान का जन्म कराया गया। भगवान को सुंदर-सुंदर पोशाक भी पहनाई गई। इसके उपरांत माखन-मिश्री, चरणामृंत, सिंघाड़े की पंजरी और सेव व केले आदि का वितरण हुआ। वहीं घरों में भी कृष्ण जन्मोत्सव हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। गुरुवार के दिन संपूर्ण शहर कृष्णमय होता हुआ नजर आया। मंदिरों के बाहर की रौनक देखते ही बन रही थी।
साथ ही सुंदर-सुंदर झाकियां लोगों का मन मोह रही थीं।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर श्री सनातन धर्म मंदिर, श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर, गिर्राज मंदिर, राम मंदिर, द्वारकाधीश मंदिर, गोपाल आदि मंदिरों पर फूल बंगला सजाकर आकर्षक विद्युत सजाटव की गई और रात्रि में भगवान का जन्म कराया गया। इस दौरान मंदिरों के मुख्य द्वारों को गुब्बारों से सजाया गया था। श्री सनातन धर्म मंदिर पर सुबह 9 बजे भगवान श्रीचक्रधर एवं श्रीगिर्राजधरण का अभिषेक एवं शहनाई वादन, सायं 5 बजे झांकियों के दर्शन एवं प्रसाद वितरण, रात 10 बजे भगवान का अभिषेक, रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्य दर्शन एवं आरती का आयोजन किया गया। इसी के साथ जगह-जगह झाकियां आदि भी सजाई गईं। द्वारकाधीश मंदिर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, विदेशी भक्तों द्वारा रॉक कीर्तन, महाअभिषेकम एवं महाआरती का आयोजन किया गया। इस मौके पर छोटे बच्चों को राधा-कृष्ण के रूप में सजाया गया।
भगवान की पोशाक, प्रतिमा और पालने की हुई खूब बिक्री: श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दिन शहर में भगवान की रंग-बिरंगी सुंदर पोशाकों, पीतल से बनी लड्डू गोपाल की प्रतिमाओं और भगवान को झूला झुलाने के लिए पालने की जबरदस्त बिक्री हुई। इस दिन पूजा के लिए लोगों ने पन्ना और चमकीली राखी भी खरीदी। इसके साथ ही फूल-पत्ती भी जमकर खरीदे गए।