फीफा पुरस्कार: वर्ष 2022 के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए लियोनेल मेसी और एलेक्सिया पुटेलस
पेरिस, 28 फ़रवरी (हि.स.)। विश्व कप विजेता कप्तान लियोनेल मेसी को 27 फरवरी को पेरिस में आयोजित द बेस्ट फीफा फुटबॉल अवार्ड्स 2022 में सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी चुना गया है। मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना ने ऐतिहासिक विश्व कप 2022 का खिताब जीता था।
मेसी ने फ्रांस के काइलियन एम्बाप्पे और करीम बेंजेमा को हराकर यह पुरस्कार जीता। मेसी ने फीफा विश्व कप में अर्जेंटीना के लिए सात गोल किए थे और केवल एक गोल से गोल्डन बूट से चूक गए है। मेसी ने दूसरी बार यह खिताब जीता है, इससे पहले उन्होंने 2019 में पहली बार यह खिताब अपने नाम किया था। मेसी ने रिकॉर्ड सात बैलन डी'ओर पुरस्कार भी जीते हैं।
पुरस्कार जीतने के बाद मेसी ने ईएसपीएन से बातचीत में कहा, "यह आश्चर्यजनक है। यह एक जबरदस्त वर्ष था और यह पुरस्कार जीतना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं [कोच लियोनेल] स्कालोनी और मेरे साथियों को धन्यवाद देना चाहता हूं; उनके बिना, मैं यहां नहीं होता। मैंने वह सपना हासिल किया जिसकी मैं इतने लंबे समय से उम्मीद कर रहा था और आखिरकार, मैंने इसे हासिल कर लिया।"
एफसी बार्सिलोना फेमेनी की स्पेनिश मिडफील्डर एलेक्सिया पुटेलस को एक सफल वर्ष के बाद लगातार दूसरी बार सर्वश्रेष्ठ फीफा महिला खिलाड़ी चुना गया है।
मैरी एर्प्स को एक साल के बाद सर्वश्रेष्ठ फीफा महिला गोलकीपर चुना गया है। अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज को फीफा विश्व कप 2022 में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद सर्वश्रेष्ठ फीफा पुरुष गोलकीपर का पुरस्कार मिला।
अंग्रेजी राष्ट्रीय टीम की प्रबंधक सरीना विगमैन को इंग्लैंड को यूरोपीय गौरव और उसके बाद लगातार दूसरे यूईएफए यूरो खिताब दिलाने के लिए सर्वश्रेष्ठ फीफा महिला कोच चुना गया, जबकि अर्जेंटीना के बॉस लियोनेल स्कालोनी को सर्वश्रेष्ठ फीफा पुरुष कोच की ट्रॉफी दी गई।