Logo
Header
img

नवादा नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष अशोक गुप्ता का निधन


नवादा, 31 अगस्त (हि.स.)।नवादा नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रखर समाजसेवी अशोक कुमार गुप्ता का सोमवार को दिल्ली में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से बीमारी से पीड़ित थे और दिल्ली में उनका उपचार चल रहा था। सोमवार को अचानक उनके निधन की खबर नवादा पहुंचते ही शहर में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके आवास के समीप पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने लगे।

अशोक कुमार गुप्ता नगर परिषद के अध्यक्ष के रूप में शहर के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए जाने जाते थे। सामाजिक कार्यों में भी उनकी विशेष रुचि थी। आम लोगों के साथ उनका आत्मीय संबंध था और वे जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। उनके निधन को शहर के सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।

उनके निधन पर नगर परिषद की अध्यक्ष पिंकी कुमारी, पूर्व अध्यक्ष संजय प्रसाद साव, पूर्व उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी, पूर्व विधान पार्षद सलमान रागिब मुन्ना, पूर्व विधायक कौशल यादव, अधिवक्ता डॉ. साकेत बिहारी तथा कांग्रेस नेता रामविलास प्रसाद सिंह समेत कई लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।

नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अशोक कुमार गुप्ता का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया और हमेशा लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहे।

Top