मेरठ, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उप्र के पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का रुतबा पूरी दुनिया में बढ़ा है। रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने भी भारत का लोहा माना है और कहा है कि नरेंद्र मोदी जैसा राष्ट्रवादी पूरी दुनिया में नहीं है। योगी सरकार की तारीफ करते हुए डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा पर पहले पत्थर बरसते थे और अब फूल बरसते हैं।
उप्र श्रम कल्याण परिषद के पूर्व अध्यक्ष पंडित सुनील भराला के पल्लवपुरम फेज-2 स्थित आवास पर शनिवार को पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा पहुंचे। मेरठ पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि विपक्षी दल अपना अस्तित्व बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोई विकल्प नहीं है। पूरी दुनिया आज हमारे प्रधानमंत्री का लोहा मान रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईमानदारी के कारण देश प्रगति कर रहा है। युद्धग्रस्त यूक्रेन से अपने छात्रों को सकुशल वापस भारत लेकर आए। दुनिया में भारत की लोकप्रियता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वजह से हुई है।
पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात, हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों और उत्तर प्रदेश के निकाय चुनावों में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलेगा। योगी सरकार बनने से उप्र में माफिया राज खत्म हो गया है और विकास कार्यों को बढ़ावा मिला है। निकाय चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि उप्र के निकाय चुनावों में विपक्ष का सूपड़ा साफ हो जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर निकाय चुनाव लड़ने चाहिए। भाजपा में पद नहीं, बल्कि कार्यकर्ता बड़ा होता है। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन मनिंदर पाल सिंह, जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, पूर्व विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, अजय भारद्वाज भराला, अंकुर मुखिया, डॉ. राजीव भराला, अरुण वशिष्ठ, विजेंद्र अग्रवाल, राजकुमार कौशिक, डीडी शर्मा, पूर्व महापौर सुशील गुर्जर, राजेश कांत जैन, शिवकुमार शर्मा, हरेंद्र जाटव जितेंद्र प्रधान आदि उपस्थित रहे।