प्रतापगढ़, 22 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में सई नदी तट पर स्थित माँ बेल्हा देवी धाम के निर्माणाधीन कॉरिडोर का जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किये जा रहे विभिन्न प्रस्तावों की जानकारी प्राप्त की तथा सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने कहा कि माँ बेल्हा देवी धाम जिले का प्रमुख धार्मिक एवं आस्था का केन्द्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिये पहुंचते हैं। ऐसे में कॉरिडोर निर्माण कार्य को योजनाबद्ध ढंग से तेजी के साथ पूर्ण कराया जाना आवश्यक है, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कॉरिडोर निर्माण की गुणवत्ता, सौन्दर्यीकरण, मार्ग व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाये तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किये जाएं।
निर्देश दिये कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाये। साथ ही निर्माण कार्यों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिये आवश्यक प्रबन्ध सुनिश्चित किये जाएं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप माँ बेल्हा देवी धाम को धार्मिक पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित किया जा रहा है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराएं, जिससे जिले की धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सके। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर अनुष्का शर्मा, ईओ नगर पालिका राकेश कुमार, पर्यटन अधिकारी कीर्तिमान श्रीवास्तव व अन्य सम्बन्धित उपस्थित रहे।