Logo
Header
img

बीजापुर में डायल 112 सेवा शुरू हुई, आपात स्थिति में मिलेगी पुलिस सहायता

बीजापुर, 12 मई (हि.स.)। जिले में आम नागरिकों की सुरक्षा और त्वरित सहायता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से डायल 112 आपातकालीन सेवा का शुभारंभ कर दिया गया है। यह सेवा छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है, जिससे अब किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तुरंत पुलिस सहायता मिल सकेगी। नई व्यवस्था के तहत दुर्घटना, अपराध, विवाद या किसी भी तरह की आपात स्थिति में नागरिक केवल 112 नंबर डायल कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। यह सेवा आधुनिक तकनीक और तेज रिस्पांस सिस्टम से लैस है, जिससे सूचना मिलते ही पुलिस टीम कम समय में घटनास्थल तक पहुंच सकेगी।

अधिकारियों ने बताया कि, इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और पुलिस सेवाओं को अधिक प्रभावी व जनसुलभ बनाना है। खासकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह सेवा बेहद लाभकारी साबित होगी, जहां पहले मदद पहुंचने में अधिक समय लग जाता था। जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत डायल 112 का उपयोग करें और इस जनहितकारी सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Top