Logo
Header
img

इंदौर: प्रदेश सरकार के झूठे वादों के खिलाफ कांग्रेस सेवादल करेगा पैदल मार्च

इंदौर, 16 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश सरकार के झूठे वादों के खिलाफ शहर कांग्रेस सेवादल गुरुवार को पैदल मार्च निकालेगा। पैदल मार्च शहर कांग्रेस कार्यालय से शुरू होगा और विभिन्न मार्गों से होते हुए राजबाड़ा पहुंचेगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को उनके वादों और घोषणाओं की याद दिलाने सेवादल के नेता 11 नारियल कूरियर करेंगे। शहर कांग्रेस सेवादल का पैदल मार्च गुरुवार को सुबह 11 बजे से शुरू होगा। गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू होने वाले इस मार्च में सेवादल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता शामिल होंगे। ये पैदल मार्च अहिल्या प्रतिमा राजबाड़ा तक जाएगा। कांग्रेस सेवादल इंदौर के अध्यक्ष मुकेश रामचंद्र यादव ने बताया कि सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई के निर्देश पर ये पैदल मार्च आयोजित किया जा रहा है, इसमें मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष योगेश यादव और इंदौर जिला संगठन कांग्रेस प्रभारी महेंद्र जोशी व सह प्रभारी महेंद्र परमार भी शामिल होंगे। झूठा मामा, झूठी विकास यात्रा की थीम पर शिवराज सरकार का पर्दाफाश करने के लिए ये पैदल मार्च निकाला जा रहा है। मुख्यमंत्री ने जो भी झूठी घोषणाएं की, नारियल फोड़े हैं उसका पर्दाफाश जनता के बीच किया जाएगा।
Top