Logo
Header
img

कांग्रेस ने हरीश चौधरी को बनाया पंजाब का स्पेशल ऑब्जर्वर

जयपुर, 7 मई (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और बायतु विधायक हरीश चौधरी को पंजाब का स्पेशल आब्जर्वर नियुक्त किया गया है। पंजाब में होने वाले आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने आदेश जारी कर ये जानकारी दी।

जिम्मेदारी मिलने के बाद चौधरी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का आभार जताया है। चौधरी ने पार्टी आलाकमान को भरोसा दिलाया कि वह इस महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी का संगठन के प्रति समर्पित सोच के साथ निर्वहन करेंगे।

उल्लेखनीय है कि पंजाब में तेरह सीटों के लिए एक जून को वोट डाले जाएंगे। इससे पूर्व भी कांग्रेस हाईकमान ने अक्टूबर 2021 को हरीश चौधरी को पंजाब व चंडीगढ़ कांग्रेस प्रभारी नियुक्त किया था। वहीं एक बार फिर कांग्रेस आलाकमान ने हरीश चौधरी पर भरोसा जताते हुए आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पंजाब की जिम्मेदारी सौंपी है।

Top