Logo
Header
img

ब्रह्मलीन महंत को श्रद्धांजलि अर्पित करने आज देवीपाटन मंदिर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी

बलरामपुर,15 नवम्वर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक दिवसीय भ्रमण पर मंगलवार को बलरामपुर पहुचेंगे। देवीपाटन मंदिर पर चल रहे ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ योगी की 22वीं पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे। शक्तिपीठ पर ही रात्रि विश्राम करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर देवीपाटन में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। देवीपाटन मंदिर प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम 5:25 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देवीपाटन मंदिर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर मंदिर द्वारा संचालित मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल भवनियापुर हेलीपैड पर 05:15 बजे पहुंचेगा। मुख्यमंत्री मंदिर परिसर स्थित गोरक्ष मंडपम सभागार में सात दिनों से चल रहे श्रीमद् भागवत कथा कार्यक्रम में शामिल होगें। वहां पर ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ योगी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री देवीपाटन पीठ पर रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन लखनऊ के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे मंदिर परिसर व निर्धारित मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मंदिर के सभी प्रवेश द्वार पर कड़ी सुरक्षा लगाई गई है। देवीपाटन पीठाधीश्वर मिथलेश नाथ योगी ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरी तैयारी की जा चुकी है। उल्लेखनीय है कि ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ योगी शक्तिपीठ देवीपाटन के पूर्व महंत रहे हैं। शक्तिपीठ पर प्रत्येक वर्ष पुण्यतिथि कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इसमें नेपाल सहित प्रमुख मठ मंदिरों के महंत श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचते हैं। सीएम योगी गोरक्ष पीठाधीश्वर के साथ ही नाथ संप्रदाय के अध्यक्ष भी है। वह ब्रह्मलीन को श्रद्धांजलि अर्पित करने हर वर्ष देवीपाटन पहुंचते हैं।
Top