यमुनानगर, 24 अगस्त (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की अपराध शाखा-दो ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हिमाचल प्रदेश नंबर की कार से 5 किलो 718 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये है। कार में सवार हिमाचल प्रदेश के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। डीएसपी रजत गुलिया ने सोमवार को बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में अपराध शाखा-दो के प्रभारी राकेश कुमार की टीम को सूचना मिली थी कि हिमाचल नंबर की सफेद एस-प्रेसो कार में सवार कुछ लोग नशीला पदार्थ लेकर नेशनल हाईवे के रास्ते से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छप्पर रेस्ट हाउस के पास निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद हिमाचल नंबर की सफेद कार वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रोककर जांच की। नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर कार से कुल 5 किलो 718 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने कार सवार हिमाचलप्रदेश निवासी मिलापचंद और नितेश कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चरस कहां से लाई गई थी और इसे यमुनानगर समेत किन क्षेत्रों में पहुंचाया जाना था। पुलिस आरोपियों के संपर्कों और नशा सप्लाई नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
---------------