मप्रः मुख्यमंत्री निवास में देर रात हुई कैबिनेट की बैठक
भोपाल, 4 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को देर रात मुख्यमंत्री निवास कार्यालय समत्व भवन में मंत्रि-परिषद की बैठक हुई, जिसमें प्रदेश के हित में कई अहम निर्णय लिए गए।
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने जानकारी देते हुए बताया कि मंत्रि-परिषद की बैठक में 18 बड़ी एवं मध्यम सिंचाई परियोजनाओं की स्वीकृति प्रदान की गई। इन सिंचाई परियोजनाओं से लगभग 2 लाख हेक्टेयर में सिंचाई की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा अन्य फैसलों पर भी मुहर लगाई गई।
शिवराज कैबिनेट की यह बैठक संभवतः सरकार के इस कार्यकाल की आखिरी बैठक हो सकती है, क्योंकि बुधवार को ही मतदाता सूची का प्रकाशन जारी कर दिया गया है। अब कभी भी चुनावी आचार संहिता लागू हो सकती है।
कैबिनेट बैठक के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी के होनहार और प्रतिभावान निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और आशी चौकसे का स्वागत और सम्मान किया। इस दौरान खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया भी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री निवास की सुरक्षा में सेंध
मुख्यमंत्री निवास में कैबिनेट बैठक से पहले चार युवकों ने सुरक्षा में सेंध लगा दी। पुलिस ने चारों ही युवकों को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक दो बाइक पर सवार चार युवक मुख्यमंत्री निवास में घुस रहे थे, तभी पुलिसकर्मियों ने युवकों को दबोचकर गिरफ्तार कर लिया। अब मुख्यमंत्री निवास में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं पकड़े गए युवकों से पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।