Logo
Header
img

हिली में वृद्ध पर बर्बर हमला, जांच में जुटी पुलिस

दक्षिण दिनाजपुर, 20 फरवरी (हि.स.)। जिले के हिली थाना क्षेत्र में एक वृद्ध पर कथित रूप से बर्बर हमला किए जाने का मामला शुक्रवार को सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने न केवल वृद्ध की लोहे की रॉड से पिटाई की, बल्कि उनके शरीर पर गर्म पानी भी डाल दिया। घटना गुरुवार की बताई जा रही है। घायल वृद्ध की पहचान शिवेंद्रनाथ महंत (60) के रूप में हुई है। घटना किस्मतदापट गांव के त्रिमोहिनी बाजार के समीप हुई है। फ़िलहाल वृद्ध ग्रामीण अस्पताल में भर्ती है।

परिजनों के मुताबिक, वह गांव के आदिवासी पाड़ा इलाके से गुजर रहे थे, तभी आरोपित स्वपन हांसदा ने कथित रूप से उनका रास्ता रोककर हमला कर दिया। वृद्ध की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपित फरार हो गया।

परिवार का आरोप है कि हमले के दौरान लोहे की रॉड से हाथ-पैर पर वार किए गए और फिर शरीर पर गर्म पानी डाल दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें हिली ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की सलाह दी है।

वहीं, आरोपित ने मारपीट के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उसने केवल धक्का दिया था और चोट संभवतः दीवार से टकराने के कारण लगी होगी। उसने मामले को आपसी स्तर पर सुलझाने की बात भी कही है।

पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Top