जीरो में भजपा ने निकाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा
इटानगर, 04 नवंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लोअर सुबनसिरी जिला इकाई ने आज जीरो के हापोली में “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ” पदयात्रा का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम में भाजपा अरुणाचल प्रदेश के प्रभारी डॉ. देवेश कुमार, विधायक हेगे अप्पा, पुइन्यो अपुम, टोपिन एते, पार्टी के महासचिव तादार निगलार और कई अन्य नेता व पदाधिकारी शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए, डॉ. कुमार ने मतदाता सूचियों के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) को एक लंबे समय से चली आ रही संवैधानिक प्रक्रिया बताया, जिसका उद्देश्य पारदर्शी और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए यह प्रक्रिया बहुत जरूरी है।
उन्होंने लोगों से “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ” अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने में योगदान देने की अपील की।
पाडी युब्बे आउटडोर स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम को विधायक हेगे अप्पा, टोपिन एते और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी संबोधित किया।