Logo
Header
img

जिला बदर के बावजूद स्पा संचालिका से मांगी रंगदारी, एफआईआर दर्ज

बरेली, 20 फरवरी (हि.स.) । पीलीभीत रोड स्थित एक निजी अस्पताल की दूसरी मंजिल पर संचालित स्पा सेंटर को लेकर शहर में दो दिन से सनसनी बनी हुई है। मामला पहले स्पा सेंटर का कथित वीडियो वायरल होने से शुरू हुआ, फिर उसे हटाने और सेंटर दोबारा खुलवाने के नाम पर 40 हजार रुपये की रंगदारी मांगने वाले ऑडियो क्लिप के वायरल होने तक पहुँच गया। बारादरी पुलिस ने जिला बदर चल रहे ऋषभ ठाकुर, उसके कथित गुर्गे आशु यादव और तीन अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दो दिन पहले इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में स्पा सेंटर के भीतर लड़कियों को दिखाने, एंट्री फीस और रकम तय करने की बातचीत का दावा किया गया। वीडियो में संचालिका के बुलाने पर युवतियों के आने-जाने और ग्राहकों के सामने बातचीत के दृश्य दिखाई दिए। आरोप लगाए गए कि स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार हो रहा है। वीडियो वायरल होते ही बारादरी पुलिस मौके पर पहुंची और सेंटर पर ताला लगवा दिया। हालांकि पुलिस ने तत्काल किसी बड़ी कार्रवाई से इनकार किया और कहा कि मौके पर कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।

अगले दिन मामला और गंभीर हो गया, जब ऑडियो क्लिप वायरल हुई। इसमें कथित तौर पर ऋषभ ठाकुर के गुर्गे आशु यादव ने स्पा संचालिका से 40 हजार रुपये रंगदारी के रूप में मांगे। बातचीत में वीडियो इंटरनेट से हटवाने और सेंटर दोबारा खुलवाने की बातें की जा रही थीं। यह ऑडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुख्य आरोपित ऋषभ ठाकुर पहले से जिला बदर की कार्रवाई झेल रहा है, बावजूद इसके उसके नाम पर वसूली की कोशिश की जा रही है।

थाना बारादरी प्रभारी धनंजय पांडेय ने शुक्रवार काे बताया कि “मामला गंभीर है और सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। ऑडियो और वीडियो दोनों की तकनीकी जांच कराई जाएगी। साइबर सेल की मदद से यह पता लगाया जाएगा कि क्लिप किसने अपलोड और किसने वायरल की। यदि वीडियो में देह व्यापार के साक्ष्य मिलते हैं तो उसके आधार पर भी अलग जांच आगे बढ़ेगी। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

एफआईआर में ऋषभ ठाकुर, आशु यादव और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामला दोहरी जांच में उलझा हुआ है। एक तरफ स्पा सेंटर की गतिविधियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं, दूसरी तरफ वायरल कंटेंट के जरिए ब्लैकमेलिंग और वसूली की परतें सामने आ रही हैं। फिलहाल स्पा सेंटर पर ताला लटका है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की तह तक जाने का दावा कर रही है।

Top