Logo
Header
img

मोबाइल का पासवर्ड ना बताने पर छोटे भाई ने बड़े भाई को मार डाला

आगरा , 14 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले की कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात को छोटे भाई ने बड़े भाई की पीटकर हत्या इसलिए कर दी कि उसने मोबाइल का पासवर्ड नहीं बताया। इस घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

कोतवाल भानु प्रताप सिंह ने बताया कि टीला माईथान में पूनम शर्मा अपने दो पुत्रों के साथ रहतीं हैं। पूनम शर्मा आगरा में ही बाग़ मुजफ्फरखान स्थित निजी अस्पताल में नर्स का काम कर रही हैं। पूनम शर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात 12 बजे के बाद उनका पुत्र गौरव (30) और आकाश (26) खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में चले गए। छोटे भाई आकाश ने गौरव से मोबाइल मांगा कि उसे जीजा को फोन करना है। गौरव ने मोबाइल दे दिया, लेकिन मोबाइल का पासवर्ड नहीं बताया। इसको लेकर दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। आकाश ने ​गौरव के सिर पर एलईडी उठाकर मार दिया। इससे गौरव घायल हो गया। बीच बचाव करने पहुंची मां पूनम शर्मा को भी आकाश ने धक्का देकर गिरा दिया। उनके चीखने चिल्लाने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना कर दी। मौके प पहुंची पुलिस ने घायल गौरव को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कोतवाल ने बताया कि पूछताछ में पड़ोसियों से पता चला है कि आकाश करीब छह महीने पहले मुंबई से काम छोड़कर घर आ गया है। वह शराब का सेवन करता था। अक्सर अपनी मां से संपत्ति के बटवारे की बात करता था। गौरव इसका विरोध करता था। छह माह पहले ही पूनम के पति का देहांत हुआ था। कोतवाल ने बताया कि इस मामले में मिली तहरीर के बाद अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपित आकाश को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vivek Upadhyay

Top