Logo
Header
img

स्वामी केशवानंद कृषि विश्वविद्यालय का 22वां दीक्षांत समारोह 13 मार्च को

बीकानेर, 11 मार्च (हि.स.)। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय का 22वां दीक्षांत समारोह 13 मार्च, शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता हरिभाऊ बागड़े (राज्यपाल एवं कुलाधिपति) करेंगे।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. राजेंद्र बाबू दुबे ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय के विद्या मंडप में होने वाले इस समारोह में केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल तथा राजस्थान सरकार के कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह के दीक्षांत अतिथि प्रो. त्रिलोचन मोहपात्रा होंगे, जो पादप किस्मों के संरक्षण एवं किसान अधिकार प्राधिकरण (कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार) के अध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. देवाराम सैनी, अनुसंधान निदेशक डॉ. एन. के. शर्मा, प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. दीपाली धवन सहित विभिन्न संकायों के डीन एवं निदेशक उपस्थित रहे।

1694 विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि

परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि दीक्षांत समारोह में राज्यपाल द्वारा कृषि संकाय, सामुदायिक विज्ञान संकाय और आईएबीएम के कुल 1694 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी। इनमें कृषि संकाय के स्नातक (यूजी) के 1475, स्नातकोत्तर (पीजी) के 52 और पीएचडी के 31 विद्यार्थी शामिल हैं। सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय के स्नातक के 21, स्नातकोत्तर के 19 और पीएचडी के 6 विद्यार्थियों को उपाधि दी जाएगी। वहीं आईएबीएम में स्नातकोत्तर के 89 तथा पीएचडी के 1 विद्यार्थी को उपाधि प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 17 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और दो विद्यार्थियों को कुलाधिपति स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। स्वर्ण पदक पाने वालों में स्नातक के 2, स्नातकोत्तर के 14 और पीएचडी का 1 विद्यार्थी शामिल है, जबकि स्नातक और स्नातकोत्तर वर्ग के एक-एक विद्यार्थी को कुलाधिपति स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा।

Top