वाराणसी: अब अपनी पसंदीदा भाषा में सुन सकेंगे काशी के 84 घाटों की कहानियां
- मोबाइल की लोकेशन से अपने आप 15 भाषाओं में बजेगा संबंधित घाट का ऑडियो
-जीपीएस आधारित डिजिटल ऑडियो टूर से पर्यटक बिना गाइड जान सकेंगे घाटों का इतिहास
वाराणसी, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी (वाराणसी) आने वाले पर्यटक अब गंगा के घाटों की सैर के साथ उनकी सदियों पुरानी कहानियां भी अपनी पसंदीदा भाषा में सुन सकेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार काशी की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने की पहल कर रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने काशी के 84 घाटों के लिए जीपीएस आधारित डिजिटल ऑडियो टूर तैयार किया है। 'वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक ऑडियो टूर' के जरिए पर्यटक बिना गाइड के अपनी सुविधानुसार घाटों का भ्रमण कर सकेंगे और उनके इतिहास, धार्मिक मान्यताओं तथा सांस्कृतिक महत्व की जानकारी सुन सकेंगे। यह सुविधा यूपी टूरिज्म के आधिकारिक मोबाइल एप और वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
हर घाट की अलग कहानी, पैदल और नाव से भी कर सकेंगे भ्रमण
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि डिजिटल ऑडियो टूर में काशी के सभी 84 घाटों के लिए अलग-अलग ऑडियो अध्याय तैयार किए गए हैं। इनमें प्रत्येक घाट का ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और पौराणिक महत्व बताया गया है। पर्यटक अपनी सुविधानुसार पैदल घाटों का भ्रमण करते हुए या नाव से गंगा विहार के दौरान इन कहानियों को सुन सकेंगे। पैदल घूमने वाले पर्यटकों को संबंधित घाट पर पहुंचते ही उससे जुड़ी जानकारी मिलेगी। वहीं, नाव से यात्रा करने वाले लोग भी गंगा किनारे बसे घाटों के इतिहास और उनसे जुड़ी मान्यताओं से परिचित हो सकेंगे।
लोकेशन पहचानकर अपने आप चलेगा ऑडियो
इस सुविधा की खासियत इसका जीपीएस आधारित तंत्र है। पर्यटक जैसे ही किसी घाट पर पहुंचेंगे, मोबाइल एप उनकी लोकेशन पहचानकर संबंधित घाट का ऑडियो अपने आप चलाना शुरू कर देगा। निर्धारित स्थान से दूर जाने पर ऑडियो रुक सकता है और दोबारा उस स्थान पर पहुंचने पर फिर शुरू हो सकता है। पर्यटक एप पर अपनी पसंद का घाट चुनकर भी उससे जुड़ी जानकारी सुन सकेंगे। इस तरह बिना गाइड के भी घाटों का भ्रमण डिजिटल मार्गदर्शक के अनुभव के साथ किया जा सकेगा।
तस्वीरों, लिखित जानकारी और मानचित्र से भी मिलेगी मदद