Logo
Header
img

कुलगाम हमले में घायल जवान ने पत्नी से कहा - मैं ठीक हूं


कुलगाम हमले में घायल जवान ने पत्नी से कहा - मैं ठीक हूं

बांकुड़ा, 12 नवंबर (हि. स.)। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार दोपहर को हुए आतंकी हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के तीन जवान घायल हो गए। इनमें पश्चिम बंगाल के विष्णुपुर निवासी जवान शांतनु चंद्र भी शामिल हैं। उनके हाथ में गोली लगी है। उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार के अनुसार, अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान शांतनु ने घरवालों से बातचीत की और अपनी कुशलता की जानकारी दी।

परिवार के मुताबिक, हमले के बाद शांतनु ने सबसे पहले घर पर फोन किया था। उनकी पत्नी नंदिनी चंद्र ने बताया कि शाम करीब पांच बजे शांतनु का फोन आया था। उन्होंने बताया कि वहां हमला हुआ है और एक हेड कांस्टेबल घायल हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि वह अस्पताल जा रहे हैं। उस समय नंदिनी को यह जानकारी नहीं थी कि शांतनु भी घायल हुए हैं।

नंदिनी ने बताया कि शाम करीब साढ़े पांच बजे उनके अधिकारी का फोन आया। उन्होंने जानकारी दी कि शांतनु को भी चोट लगी है और उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। हालांकि, अधिकारी ने गोली लगने की बात नहीं बताई थी। बाद में समाचारों के माध्यम से उन्हें पता चला कि शांतनु को गोली लगी है। इसके बाद शांतनु से दोबारा बातचीत हुई, जिसमें उन्होंने बताया कि वह ठीक हैं।

शांतनु के पिता तारापद चंद्र ने बताया कि बेटे से उनकी बातचीत हुई है। उसने कहा कि वह ठीक है और चिंता करने की जरूरत नहीं है। बेटे से बात होने के बाद परिवार को थोड़ी राहत मिली है।

शांतनु वर्ष 2011 से सीआरपीएफ में सेवा दे रहे हैं। पिछले साढ़े तीन वर्षों से उनकी तैनाती कश्मीर में है। दुर्गापूजा के अवसर पर वह छुट्टी लेकर घर आए थे। विष्णुपुर के शाखारी बाजार इलाके में उनके परिवार के लोग रहते हैं।

Top