कश्मीर घाटी और लद्दाख में न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि
श्रीनगर, 2 दिसम्बर (हि.स.)। शुष्क मौसम के बीच कश्मीर घाटी और लद्दाख में न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि देखी गई है। हालांकि अधिकांश स्थानों पर पारा शुक्रवार को शून्य के स्तर से नीचे रहा। वहीं जम्मू में शुक्रवार सुबह से आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं और बादलों के बीच से कभी धूप तो कभी छांव का खेल जारी है। इस दौरान सर्द हवाएं भी चल रही हैं।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि राजधानी शहर में साल के इस समय के दौरान तापमान सामान्य से लगभग 1.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है। रविवार को श्रीनगर में शून्य से नीचे 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात थी।
काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में पारा शून्य से नीचे 1.4 डिग्री सेल्सियस, कोकरनाग में 1.2 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में शून्य से नीचे 0.8 डिग्री सेल्सियस ंजबकि कुपवाड़ा शहर में पारा शून्य से नीचे 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू में पिछली रात के 9.3 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर की शीतकालीन राजधानी के लिए यह सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक था। बनिहाल में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस, बटोत में 4.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक), कटरा में 9.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक) और भद्रवाह में 4.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से लगभग 2 डिग्री सेल्सियस अधिक) दर्ज किया गया।
इसके अलावा लद्दाख में लेह में शून्य से नीचे 4.4 डिग्री सेल्सियस, कारगिल में शून्य से नीचे 10.6 डिग्री सेल्सियस और साइबेरिया के बाद दुनिया के दूसरे सबसे ठंडे स्थान द्रास में पारा शून्य से नीचे 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। विभाग ने 10 दिसंबर तक मुख्य रूप से शुष्क मौसम की भविष्यवाणी की है।