Logo
Header
img

सरस्वती विद्या मंदिर महाजन बाजार, मंडी में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ

मंडी, 16 अक्टूबर (हि.स.)। सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, महाजन बाजार मंडी में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रबंध समिति की उपाध्यक्ष स्नेहलता चोपड़ा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस प्रतियोगिता में प्री-प्राइमरी विंग के लगभग 130 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों के लिए विभिन्न रोचक खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें सिंपल रेस, रैबिट रेस, बनाना ईटिंग रेस, कलेक्ट एंड असेंबल रेस, बैलून बिटवीन द लेग्स रेस, बैलेंसिंग गेम्स, होल्ड, लेमन विद स्पून, पुल बॉल विद रिंग, बैग पैक रेस आदि शामिल रहे।

इस अवसर पर प्रबंध समिति की सचिव निर्मला कात्यायन, फाउंडर मेंबर बलवीर कुमार शर्मा, प्रबंध समिति सदस्य आशुतोष पाल चोपड़ा, विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. उमेश मंडयाल, उप-प्रधानाचार्य गुरुचरण सिंह सहित समस्त अध्यापकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि स्नेह लता चोपड़ा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पदक देकर सम्मानित किया व कार्यक्रम की सराहना करते हुए बच्चों को प्रोत्साहित किया और कहा कि इस तरह के खेल के आयोजन बच्चों की खेल भावना को और बढ़ाते हैं, जिससे हमारे बच्चे आगे जाकर अपना भविष्य संवार सकते हैं।

प्रधानाचार्य डॉ. उमेश मंडयाल ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन पाठशाला में होते रहेगें।

Top