नई दिल्ली, 21 मार्च (हि.स.)।
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप लोअर बैक स्ट्रेस इंजरी से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं और उन्हें पूरे सीजन से बाहर कर दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें पूरी तरह फिट होने में अभी करीब तीन महीने और लगेंगे।
आकाश दीप टीम के प्री-सीजन कैंप का हिस्सा नहीं थे और वह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन कर रहे थे। उनकी गैरमौजूदगी से केकेआर के तेज गेंदबाजी आक्रमण की चिंताएं और बढ़ गई हैं।
टीम के एक और तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी लगभग बाहर माने जा रहे हैं, जबकि मथीशा पथिराना टूर्नामेंट के पहले हिस्से के कुछ मैच मिस कर सकते हैं। ऐसे में टीम के पास अनुभव और उपलब्धता दोनों की कमी नजर आ रही है।
केकेआर ने इससे पहले मुस्तफिजुर रहमान की जगह ब्लेसिंग मुजारबानी को टीम में शामिल किया था, लेकिन इसके बावजूद तेज गेंदबाजी विभाग कमजोर दिख रहा है।
फिलहाल भारतीय तेज गेंदबाजों में वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक और कार्तिक त्यागी टीम के विकल्प हैं, जबकि कैमरून ग्रीन ऑलराउंडर के रूप में तेज गेंदबाजी का विकल्प देते हैं।
तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमी को देखते हुए फ्रेंचाइजी एक भारतीय तेज गेंदबाज की तलाश में ट्रायल भी आयोजित कर रही है। खासतौर पर हर्षित राणा के संभावित विकल्प को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि नए सीजन से पहले टीम अपने गेंदबाजी आक्रमण को मजबूत कर सके।