Logo
Header
img

ऑपरेशन प्रहार के तहत 332.32 ग्राम स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

अररिया 02 नवम्बर(हि.स.)। सूखे नशे के खिलाफ अररिया पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ऑपरेशन प्रहार के तहत जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 332.32 ग्राम स्मैक के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में एक पश्चिम बंगाल के मालदा जिले का निवासी भी शामिल है।

मामले में सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि अररिया नगर थाना पुलिस ने सबसे अधिक 194.74 ग्राम स्मैक के साथ अकबर अली नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वह पश्चिम बंगाल के मालदा जिले का रहने वाला है।

वहीं, ताराबाड़ी थाना पुलिस ने 26.58 ग्राम स्मैक के साथ विकास विश्वास उर्फ विकास यादव को गिरफ्तार किया। जबकि पलासी थाना पुलिस ने 111 ग्राम स्मैक के साथ तजम्मुल नामक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर स्मैक तस्करी के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। इस मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है, ताकि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने संकेत दिया कि जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अररिया पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। सूखे नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

Top