यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ आठ साल पुराने मानहानि केस में गैर जमानती वारंट
नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली की साकेत कोर्ट ने यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ आठ साल पुराने आपराधिक मानहानि के मामले में गैर-जमानती वारंट जारी किया है। इससे पहले 31 अक्टूबर को न्यायालय ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था, लेकिन उसे तामील नहीं कराया जा सका। जुडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास राहुल जैन ने मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को करने का आदेश दिया।
अदालत में 31 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता विकास पांडे की ओर से पेश वकील सक्षम शर्मा ने कहा था कि ध्रुव राठी आमतौर पर ऑस्ट्रिया में रहते हैं और काकरोच जनता पार्टी के दिल्ली में हुए प्रदर्शनों के लिए भारत आए थे, लेकिन अब वे भारत छोड़ चुके हैं। इसके पहले 17 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान न्यायालय को बताया गया कि ध्रुव राठी के खिलाफ जारी ताजा समन तामील तो किया गया, लेकिन ध्रुव राठी के परिसर में ताला लगा हुआ मिला। उसके बाद ध्रुव राठी से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। तब उनके आवास के बाहर समन चस्पा कर दिया गया। न्यायालय ने इस बात पर गौर किया कि ध्रुव राठी को पहली बार जुलाई, 2019 में समन जारी किया गया था और शिकायतकर्ता लगातार समन जारी करवाने की कोशिश कर रहा था।
यह मामला विकास सांकृत्यायन ऊर्फ विकास पांडेय की ओर से दर्ज कराई गई एक आपराधिक मानहानि याचिका से जुड़ा है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि राठी ने एक ऐसा वीडियो पोस्ट किया, जो मानहानि करने वाला है। शिकायतकर्ता का आरोप है किराठी ने 'बीजेपी आईटी सेल पार्ट 2' नाम का एक वीडियो अपलोड कर उसे सर्कुलेट किया, जिसमें शिकायतकर्ता के खिलाफ कई झूठे आरोप लगाए गए हैं। वीडियो में आरोप लगाया गया है कि भाजपा आईटी सेल ने विकास पांडेय को रिश्वत दी थी।