भोपाल गैस त्रासदी की 42वीं बरसी पर होगी सर्वधर्म प्रार्थना सभा, दिवंगतों की दी जाएगी श्रद्धांजिल
भोपाल, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 1984 में हुई दुनिया की सबसे भीषणतम औद्योगिक दुर्घटनाओं में से एक भोपाल गैस त्रासदी की बरसी फिर आ गई है। उस साल 2-3 दिसंबर की दरमियानी रात हुए हादसे में भोपाल शहर कब्रिस्तान में तब्दील हो गया था। इस घटना को 42 साल हो गए, लेकिन इसके जख्म आज भी हरे हैं।
जनसम्पर्क अधिकारी अवंतिका जायसवाल ने गुरुवार को बताया कि भोपाल गैस त्रासदी की 42वीं बरसी पर आगाामी 03 दिसम्बर सुबह 10:30 बजे बरकतउल्ला भवन सेन्ट्रल लाइब्रेरी भोपाल में सर्वधर्म प्रार्थना सभा होगी। इसमें भोपाल गैस त्रासदी में दिवंगत गैस पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की जायेंगी। साथ ही विभिन्न धर्मग्रंथों का पाठ धर्मगुरुओं द्वारा किया जाएगा।
गौरतलब है कि, 2 दिसंबर 1984 की रात करीब 12 बजे पूरा भोपाल सो रहा था। इसी दौरान लोगों को अचानक सांस लेने में तकलीफ होने लगी। आंखों में ऐसी जलन उठी कि पलकें खोलना मुश्किल हो गया। मांएं बच्चों को सीने से लगाकर सड़कों पर भाग रही थीं। कोई अपने बुजुर्ग पिता को उठाकर दौड़ रहा था तो कोई अपनों को तलाशते हुए बदहवास था। कुछ ही देर में सड़कें अस्पताल बन गईं और अस्पताल जिंदगी बचाने की आखिरी उम्मीद। यूनियन कार्बाइड कारखाने से निकली जहरीली गैस ने पूरे शहर को अपनी गिरफ्त में ले लिया था। उस रात हजारों जिंदगियां हमेशा के लिए खामोश हो गईं।
आज उस भयावह रात को 42 साल होने जा रहे हैं। पीढ़ियां बदल गईं, भोपाल की तस्वीर बदल गई, लेकिन उस रात का दर्द अब भी शहर की यादों में दर्ज है। गैस से प्रभावित परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां, मुआवजे की लड़ाई और कारखाने के जहरीले कचरे से जुड़े सवाल बताते हैं कि यह त्रासदी केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं है। यह एक ऐसा जख्म है, जिसके निशान चार दशक से ज्यादा समय बीतने के बाद भी मिट नहीं सके हैं।
भोपाल के पुराने औद्योगिक इलाके में स्थित यूनियन कार्बाइड इंडिया लिमिटेड के कीटनाशक कारखाने में मिथाइल आइसोसाइनेट गैस का भंडारण किया जाता था। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की तकनीकी रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के दौरान टैंक नंबर 610 में रखी करीब 40 टन जहरीली मिथाइल आइसोसाइनेट गैस बाहर निकली। माना गया कि टैंक में पानी पहुंचने से रासायनिक प्रतिक्रिया हुई और गैस का रिसाव शुरू हुआ।
गैस हवा के साथ आसपास की घनी आबादी में फैल गई। उस समय अधिकांश लोग घरों में सो रहे थे। अचानक सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और लगातार खांसी ने लोगों को दहशत में डाल दिया। बहुत से लोग घरों से बाहर निकले, लेकिन बाहर भी जहरीली गैस का असर था। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि किस दिशा में जाएं।
आईसीएमआर के अनुसार, हादसे के बाद शुरुआती 72 घंटों में करीब दो हजार लोगों की मौत हुई। संस्थान के आकलन में शहर की 60 प्रतिशत से अधिक आबादी के जहरीली गैस के संपर्क में आने की बात सामने आई थी। करीब पांच लाख लोग इस आपदा से प्रभावित हुए।
त्रासदी का असर केवल उस रात तक सीमित नहीं रहा। गैस के संपर्क में आए लोगों में आंखों, फेफड़ों और श्वसन तंत्र से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। इसके बाद आईसीएमआर ने प्रभावित आबादी के स्वास्थ्य पर दीर्घकालिक अध्ययन शुरू किए। गैस प्रभावित लोगों के स्वास्थ्य और आने वाली पीढ़ियों पर इसके संभावित प्रभावों को समझने के लिए भी शोध किए गए।
हादसे के बाद पीड़ितों के लिए मुआवजे और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हुई। केंद्र सरकार ने 1985 में भोपाल गैस रिसाव आपदा (दावा प्रसंस्करण) अधिनियम लागू किया। इसके तहत पीड़ितों के दावों के पंजीयन और निपटारे की व्यवस्था बनाई गई। गैस त्रासदी के बाद बंद हुए कारखाने का परिसर भी लंबे समय तक विवादों में रहा। वहां मौजूद रासायनिक कचरे और आसपास की मिट्टी तथा भूजल में संभावित प्रदूषण को लेकर लगातार सवाल उठते रहे। कारखाने के आसपास रहने वाले लोगों और पीड़ित संगठनों ने परिसर की सफाई तथा सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
जनवरी 2025 में कारखाना परिसर से 337 मीट्रिक टन जहरीला कचरा 12 सीलबंद कंटेनरों में भरकर पीथमपुर स्थित निपटान केंद्र भेजा गया। इसके साथ ही चार दशक से अधिक समय से लंबित कचरे के निपटान की प्रक्रिया आगे बढ़ी। हालांकि, इससे परिसर और आसपास की मिट्टी तथा भूजल के प्रदूषण का पूरा सवाल खत्म नहीं हुआ।