केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने बरेली में किया 18.5 करोड़ की लागत से बने आईटी पार्क का उद्घाटन
बरेली, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के औद्योगिक और तकनीकी विकास को गुरुवार को सीबीगंज में 18.5 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के आईटी पार्क का केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने उद्घाटन किया। देश के 75वें आईटी पार्क के शुरू होने से बरेली समेत आसपास के जिलों के युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे। साथ ही क्षेत्र में आईटी कंपनियों, सॉफ्टवेयर उद्योग और स्टार्टअप को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
दो एकड़ भूमि पर विकसित इस आईटी पार्क का शिलान्यास मार्च 2024 में किया गया था। यहां आईटी क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों और उद्यमियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इनमें डेटा सेंटर, इन्क्यूबेशन सेंटर, कार्यालय, कॉन्फ्रेंस हॉल, मीटिंग रूम और कैफेटेरिया शामिल हैं। इन सुविधाओं के जरिए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, डिजिटल तकनीक और आईटी सेवाओं से जुड़ी कंपनियां बरेली में अपने कार्यालय स्थापित कर सकेंगी।
आईटी पार्क शुरू होने से बरेली और आसपास के जिलों के तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। सॉफ्टवेयर इंजीनियर, आईटी प्रोफेशनल्स और तकनीकी विशेषज्ञों के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। अभी तक बेहतर अवसरों की तलाश में युवाओं को नोएडा, दिल्ली, बंगलूरू और अन्य महानगरों का रुख करना पड़ता था। स्थानीय स्तर पर कंपनियां स्थापित होने से उनका पलायन कम करने में मदद मिल सकती है।
इसके अलावा स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं को भी यहां कार्यस्थल और जरूरी तकनीकी सुविधाएं मिल सकेंगी। कम संसाधनों में नई कंपनियां अपना काम शुरू कर सकेंगी। इससे नवाचार, उद्यमिता और डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
आईटी पार्क का उद्घाटन बरेली को पारंपरिक उद्योगों के साथ आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में भी स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे निवेश की संभावनाएं बढ़ने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिल सकती है। इस मौके पर वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर उमेश गौतम, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और मीरगंज विधायक डीसी वर्मा मौजूद रहे।