Logo
Header
img

लोस चुनाव : दूसरे चरण के चुनाव प्रचार का अंतिम दिन

मेरठ, 24 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा के दूसरे चरण के चुनाव में बुधवार को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। प्रचार के अंतिम दिन उम्मीदवार ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकी हुई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर 26 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को होगा। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की मेरठ, बागपत, अमरोहा, बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मथुरा और अलीगढ़ सीटों पर मतदान होगा। इसके लिए 24 अप्रैल बुधवार को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। इस चरण में चुनाव प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बसपा प्रमुख मायावती, सपा प्रमुख अखिलेश यादव आदि चुनाव प्रचार कर चुके हैं। बुधवार को शाम पांच बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा।

मेरठ सीट पर भाजपा के अरुण गोविल, बसपा के देवव्रत त्यागी और सपा की सुनीता वर्मा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। बागपत में रालोद-भाजपा के डॉ. राजकुमार सांगवान, सपा के अमरपाल शर्मा और बसपा के प्रवीण बंसल के बीच भिड़ंत है। गाजियाबाद में भाजपा उम्मीदवार अतुल गर्ग, कांग्रेस की डोली शर्मा और बसपा के नंदकिशोर पुंडीर के बीच चुनावी मुकाबला हो रहा है।

गौतमबुद्ध नगर में सपा के डॉ. महेंद्र नागर, बसपा के राजेंद्र सोलंकी और भाजपा उम्मीदवार डॉ. महेश शर्मा चुनाव मैदान में है। बुलंदशहर सीट से भाजपा के डॉ. भोला सिंह, बसपा के गिरीश चंद्र, कांग्रेस के शिवराम वाल्मीकि के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। अमरोहा लोकसभा सीट पर भाजपा के कंवर सिंह तंवर, बसपा के मुजाहिद हुसैन और कांग्रेस के दानिश अली जीत हासिल करने को आपस में भिड़ रहे हैं। मथुरा में भाजपा की हेमामालिनी, सुरेश सिंह और कांग्रेस के मुकेश धनगर चुनाव लड़ रहे हैं। अलीगढ़ सीट पर भाजपा के सतीश गौतम, बसपा के हितेंद्र कुमार और सपा के बिजेंद्र सिंह के बीच मुकाबला है।

Top