कोलकाता, 06 नवंबर (हि.स.)।
पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार से लापता एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की का निर्वस्त्र शव गुरुवार रात कुलिक जंगल से बरामद किया गया। इस वीभत्स घटना से पूरे इलाके में सनसनी और आक्रोश फैल गया है। पुलिस ने गुरुवार देर रात शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि दुष्कर्म के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से नाबालिग की बेरहमी से हत्या की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता रायगंज की ही निवासी थी। मृतका के पिता ने बताया कि मंगलवार को वह अपनी साइकिल से एक स्वयंसेवी संस्था (एनजीओ) के कर्मचारी के घर से कपड़े लाने के लिए निकली थी। लेकिन जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटी, तो चिंतित परिजनों ने उसकी हर संभावित जगह तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिवार वालों ने स्थानीय थाने का रुख किया और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
गुरुवार शाम जब कुछ स्थानीय लोग कुलिक जंगल के किनारे से गुजर रहे थे, तो उन्हें वहां से तेज दुर्गंध आई। पास जाकर देखने पर उनका सामना एक खौफनाक दृश्य से हुआ। वहां जंगल में नाबालिग का निर्वस्त्र शव पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना थाने में दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और रात में ही शव को रायगंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस जघन्य अपराध की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से जांच में जुट गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार रात वरिष्ठ अधिकारियों ने कई दौर की बैठकें कीं। कुलिक जंगल सहित आसपास के कई इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि लापता होने के बाद नाबालिग किन-किन रास्तों से गुजरी थी और उसके साथ कौन-कौन लोग थे।
जांच अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह दुष्कर्म और हत्या का मामला प्रतीत होता है, लेकिन मौत के सटीक कारणों और शारीरिक उत्पीड़न की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। वहीं, मृतका के शोक संतप्त और आक्रोशित परिजनों ने दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने परिवार को आश्वासन दिया है कि जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।