भाजपा जीते तो ‘वोट चोरी’, कांग्रेस जीते तो सब ठीक? विपक्ष की दोहरी नीति उजागर: धर्मेंद्र प्रधान
भुवनेश्वर, 12 नवंबर (हि.स.)। भाजपा चुनाव जीतती है तो विपक्ष वोट चोरी का आरोप लगाता है, लेकिन कांग्रेस चुनाव जीतती है तो सब कुछ ठीक हो जाता है। यह कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन की दोहरी राजनीति का प्रमाण है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को ओडिशा के ढेंकानाल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा और जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।
इस अवसर पर प्रधान ने वीर प्रसविनी ढेंकानाल की धरती के सबसे कम उम्र के शहीद बाजी राउत, प्रजामंडल आंदोलन के अग्रणी क्रांतिकारी सारंगधर दास, वीर वैष्णव चरण पटनायक और महेश चंद्र सुबाहु सिंह के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि इन महान स्वतंत्रता सेनानियों के अतुलनीय त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम एक स्वतंत्र और लोकतांत्रिक राष्ट्र में सांस ले रहे हैं।
गरीबों और जनजातीय नेतृत्व को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं कर पा रही
विपक्षी दलों के रवैये पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रधान ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति के कारण ही आज ओडिशा के एक जनजातीय परिवार में जन्मी द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति हैं और एक सामान्य चाय विक्रेता के बेटे नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने हैं। लेकिन लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद जनसेवा के बजाय देश को अपना पारिवारिक साम्राज्य समझने वाली कांग्रेस और इंडी गठबंधन का शीर्ष नेतृत्व गरीबों एवं जनजातीय समुदायों से उभर रहे नेतृत्व को स्वीकार नहीं कर पा रहा है।
चुनावी हार से हताश कांग्रेस कर रही लोकतंत्र पर हमला
कांग्रेस की दोहरी नीति पर सवाल उठाते हुए प्रधान ने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस चुनाव जीतती है, वहां उसे वोट चोरी नजर नहीं आती, लेकिन भाजपा की जीत पर चुनाव में धांधली का आरोप लगाया जाता है। दूसरी ओर, भाजपा जहां चुनाव हारती है, वहां जनादेश को स्वीकार करती है।
उन्होंने कहा कि ‘अंगूर नहीं मिले तो अंगूर खट्टे’ वाली कहावत की तरह ओडिशा सहित देश के कई राज्यों में लगातार चुनावी पराजय से हताश कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेता संसद को बाधित कर रहे हैं। वे लोकतंत्र, संविधान, निर्वाचन आयोग और जनादेश के खिलाफ भ्रामक प्रचार कर रहे हैं।
एसआईआर के विरोध के बहाने घुसपैठियों को बचाने का प्रयास
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और वोट चोरी के आरोपों पर प्रधान ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन इस मुद्दे पर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। वास्तव में उनका उद्देश्य आम जनता के अधिकारों की रक्षा करना नहीं, बल्कि अवैध घुसपैठियों को संरक्षण देना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बाबरी मस्जिद के मुद्दे पर सहानुभूति जताना, बाटला हाउस मुठभेड़ में आतंकवादियों के प्रति संवेदना व्यक्त करना और भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाना कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति और राष्ट्रविरोधी मानसिकता को उजागर करता है।
डबल इंजन सरकार ओडिशा में ला रही सकारात्मक बदलाव
प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य की डबल इंजन सरकार ओडिशा के प्रत्येक गरीब, किसान, महिला और युवा के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य में विकास की इस मुहिम को और गति देने के साथ-साथ देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होना होगा। कांग्रेस और इंडी गठबंधन की अराजक राजनीति के खिलाफ गांव-गांव में जनजागरण अभियान चलाने की जरूरत है।
प्रधान ने कार्यकर्ताओं से ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ के नारे को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस पदयात्रा और जनसभा में ढेंकानाल के सांसद रुद्र नारायण पाणि सहित जिले के कई वरिष्ठ भाजपा नेता और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।