Logo
Header
img

लाेक आस्था का छठ महापर्व आज से


लाेक आस्था का छठ महापर्व आज से, भोपाल-इंदौर समेत पूरे प्रदेश में तैयारियां पूरी, 15-16 नवंबर को घाटों पर उमड़ेगी आस्था

-भोपाल के 54 घाटों पर नगर निगम ने किए इंतजाम, शीतलदास की बगिया में 2100 दीपों से होगा दीपदान

भोपाल, 13 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ आज यानि शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। सूर्य उपासना और कठिन व्रत-साधना के इस पर्व को लेकर भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के विभिन्न शहरों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। घाटों की साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल, सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

राजधानी भोपाल में नगर निगम ने 54 घाटों पर इंतजाम किए हैं। वहीं, शीतलदास की बगिया स्थित कमला पार्क घाट पर भोजपुरी एकता मंच की ओर से 15 और 16 नवंबर को विशेष आयोजन होगा। यहां 2100 दीपों से दीपदान, 51 किलो गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्पवर्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

छठ महापर्व की शुरुआत आज शुक्रवार काे नहाय-खाय से हाे गई है। शनिवार को खरना के बाद व्रती करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू करेंगे। रविवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ पर्व का समापन होगा। इस दौरान व्रती पारंपरिक तरीके से सूर्यदेव और छठी मइया की पूजा-अर्चना करेंगे।

भोपाल के 54 घाटों पर सफाई, रोशनी और सुरक्षा के इंतजाम

राजधानी में छठ पूजा को लेकर नगर निगम ने 54 घाटों पर व्यवस्थाएं करने की तैयारी की है। प्रेमपुरा, नीलबड़ और बड़ा तालाब स्थित शीतलदास की बगिया प्रमुख आयोजन स्थल रहेंगे। घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, सार्वजनिक शौचालय और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग और आवागमन के इंतजाम भी किए जा रहे हैं। गुरुवार को महापौर मालती राय ने विधायक भगवानदास सबनानी, भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति और नगर निगम अधिकारियों के साथ शीतलदास की बगिया का निरीक्षण किया। इससे पहले प्रेमपुरा, पुलिस लाइन नेहरू नगर और पांच नंबर स्टॉप स्थित छठ घाटों का भी जायजा लिया गया। महापौर ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं, मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने नरेला विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख घाटों का निरीक्षण कर सफाई, सुरक्षा, रोशनी और चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

शीतलदास की बगिया में 2100 दीपों से होगा दीपदान

बड़ा तालाब के कमला पार्क के पास स्थित शीतलदास की बगिया में भोजपुरी एकता मंच की ओर से विशेष आयोजन किया जा रहा है। घाट को पीले वस्त्रों, केले के पेड़ों, रंग-बिरंगी झंडियों और आम के पत्तों के तोरण से सजाया जाएगा। यहां 2100 मिट्टी के दीप जलाकर दीपदान किया जाएगा। इसके साथ 51 किलो गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्पवर्षा, नौका विहार और आतिशबाजी भी प्रस्तावित है।

भोजपुरी साहित्य अकादमी और संस्कृति परिषद के सहयोग से होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में बिहार के गायक हंसनाथ मिश्रा उर्फ मिट्ठू मिश्रा अपने साथी कलाकारों के साथ प्रस्तुति देंगे। वहीं, वाराणसी के गायक सक्षम शर्मा भी अपनी टीम के साथ भोजपुरी गीतों की प्रस्तुति देंगे। आयोजन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का सम्मान भी किया जाएगा। व्रतियों के लिए कच्चे गाय के दूध की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग ने भी इस महोत्सव को अपने आयोजन कैलेंडर में शामिल किया है।

ठेकुआ प्रसाद के लिए दो दिन नि:शुल्क गेहूं पिसाई

छठ पूजा में चढ़ाए जाने वाले पारंपरिक ठेकुआ महाप्रसाद की तैयारी के लिए भोजपुरी एकता मंच ने श्रद्धालुओं को नि:शुल्क गेहूं पिसाई की सुविधा देने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत शुक्रवार दोपहर 1:30 बजे कमला पार्क परिसर स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में होगी। एडीजी एससीआरबी जयदीप प्रसाद आटा चक्की का पूजन कर इसकी शुरुआत करेंगे। श्रद्धालु 13 और 14 नवंबर को नि:शुल्क गेहूं पिसवा सकेंगे।

मंच के अध्यक्ष कुंवर प्रसाद ने घाट की व्यवस्थाओं को लेकर साफ-सफाई, मरम्मत, रंग-रोगन, बिजली, पेयजल, चलित शौचालय, चेंजिंग रूम और गोताखोरों की तैनाती की जरूरत बताई है। आयोजन से पहले भोजपुरी एकता मंच और नगर निगम के सहयोग से शीतलदास की बगिया घाट पर स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।

इंदौर में सुखलिया से निपानिया तक घाट तैयार

इधर, इंदौर में भी छठ महापर्व को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सुखलिया, कैट रोड स्थित श्री सूर्य मंदिर, निपानिया, विजय नगर और स्कीम नंबर 54 व 78 सहित विभिन्न क्षेत्रों में घाटों की सफाई, कुंड निर्माण और सजावट का काम किया जा रहा है। पूजा समितियों के साथ स्थानीय रहवासी भी व्यवस्थाएं पूरी करने में जुटे हैं।

पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान मध्यप्रदेश के अध्यक्ष ठाकुर जगदीश सिंह और महासचिव केके झा के अनुसार, बापट चौराहे के पास सुखलिया क्षेत्र में घाट की सफाई और सजावट की जा रही है। कैट रोड स्थित श्री सूर्य मंदिर परिसर में अर्घ्य के लिए बने कुंड की सफाई की जा रही है। निपानिया के समर पार्क और निपानिया तालाब क्षेत्र में भी तैयारियां चल रही हैं। विजय नगर और स्कीम नंबर 54 सहित अन्य क्षेत्रों के घाटों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।

चार दिन में संपन्न होगा छठ महापर्व

- 13 नवंबर, शुक्रवार – नहाय-खाय: स्नान-ध्यान और पूजा के संकल्प के साथ पर्व की शुरुआत होगी। व्रती सात्विक भोजन में चावल, दाल और लौकी की सब्जी ग्रहण करेंगे।

- 14 नवंबर, शनिवार – खरना: दिनभर उपवास के बाद शाम को पूजा-अर्चना कर खीर, रोटी और अन्य पारंपरिक प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। इसके बाद निर्जला व्रत शुरू होगा।

- 15 नवंबर, रविवार – संध्या अर्घ्य: व्रती घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। सूप और दउरा में फल, नारियल, गन्ना और ठेकुआ सहित पूजन सामग्री सजाई जाएगी।

- 16 नवंबर, सोमवार – उषा अर्घ्य: सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा होगा और छठ महापर्व का समापन होगा।

Top