Logo
Header
img

भारत-बुल्गारिया ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने, व्यापार और निवेश बढ़ाने पर चर्चा की


भारत-बुल्गारिया ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने, व्यापार और निवेश बढ़ाने पर चर्चा की

नई दिल्ली, 21 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत के दौरे पर आईं बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेत्रोवा-चामोवा के साथ बैठक कर द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार और निवेश बढ़ाने पर चर्चा की।

दोनों मंत्रियों ने इस बातचीत के दौरान बुल्गारिया में व्यापार बढ़ाने और भारतीय निवेश को प्रोत्साहित करने के अवसरों पर चर्चा की। उन्होंने दिसंबर की शुरुआत में सोफिया में होने वाले बुल्गारिया-भारतीय व्यापार मंच के माध्यम से बातचीत जारी रखने की संभावना पर भी विचार किया।

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री ने शनिवार को साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, बुल्गारिया के विदेश मंत्री डॉ. वेलिस्लावा पेत्रोवा-चामोवा के साथ सार्थक बैठक की। उन्होंने बताया कि भारत-बुल्गारिया द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने, व्यापार, निवेश और आर्थिक जुड़ाव सहित आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की गई।

केंद्रीय मंत्री ने जारी बयान में कहा कि भारत और बुल्गारिया के बीच लंबे समय से चली आ रही दोस्ती को मजबूत करने और साझेदारी के नए रास्ते तलाशने की हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि की है।

इससे पहले बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेत्रोवा ने शुक्रवार काे राष्ट्रपति भवन में द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। पेत्रोवा की नई दिल्ली में आज केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के साथ बातचीत करेंगी। बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेत्रोवा-चामोवा अपने भारतीय समकक्ष एस. जयशंकर के निमंत्रण पर 20-22 नवंबर तक भारत की आधिकारिक दौरे पर हैं, जो पिछले 17 वर्षों में किसी बल्गेरियाई विदेश मंत्री की पहली भारत यात्रा है।

Top