नई दिल्ली, 08 मई (हि.स.)। दिल्ली-एनसीआर के क्षेत्रों में शुक्रवार को आसमान साफ रहा। यहां का अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे मौसम में कल के मुकाबले आज हल्की गर्मी रही। वहीं, देश के अन्य हिस्सों जैसे मध्य प्रदेश और झारखंड में ओलावृष्टि, जबकि गुजरात में लू चलने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विभाग केन्द्र के अनुसार शनिवार को भी मौसम साफ रहने के आसार हैं। यहां का अधिकतम तापमान 35-37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवा का रूख भी दक्षिण-पूर्व दिशा से उत्तर पूर्व दिशा की ओर 10-15 किलोमीटर प्रतिघंटा रहने की संभावना है। रविवार को भी यही स्थिति रहेगी और अधिकतम तापमान 37-39 जबति न्यूनतम तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं।
इसके अलावा, राजधानी में 11 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की वर्षा होने का अनुमान है। इस दौरान, शाम से हवाओं की गति 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार तक रहने के आसार हैं। हवा की रफ्तार 50 किमी तक जा सकती है। अधिकतम तापमान 37-39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
वहीं, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 8 मई और झारखंड में 8-9 मई को मध्य प्रदेश में 08 मई को वर्षा के साथ ओलावृष्टि होने का अनुमान है। कर्नाटक के कुछ क्षेत्रों में 8-9 मई, लक्षद्वीप में 9-10 मई को भारी वर्षा होने के आसार हैं। गुजरात में 9-14 मई तक लू चल सकती है।
पिछले 24 घंटे में तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में भारी वर्षा दर्ज की गई है। यहां करीब 11-20 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई। केरल के कुछ इलाकों में भी भारी वर्षा हुई जबकि मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और मध्य महाराष्ट्र में ओलावृष्टि हुई है।