नौ महीने से भी कम समय में देश में एचपीवी वैक्सीन की एक करोड़ से अधिक खुराक दी गईं, प्रधानमंत्री मोदी ने उपलब्धि को सराहा
नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)।
देश में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। राष्ट्रीय एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान के तहत नौ महीने से भी कम समय में एक करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे देश में निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव बताया है।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर कहा कि एचपीवी वैक्सीन की हर खुराक बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने और उनके स्वस्थ भविष्य को सुनिश्चित करने की दिशा में एक कदम है। उन्होंने इस उपलब्धि में योगदान देने वाले सभी संबंधित पक्षों के प्रयासों की भी सराहना की।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी नौ महीने से कम समय में एक करोड़ से अधिक एचपीवी वैक्सीन की खुराक दिए जाने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने इसे सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, राज्य सरकारों और स्वास्थ्यकर्मियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और महिलाओं की भावी पीढ़ियों के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दिया। उन्होंने कहा कि एक करोड़ से अधिक खुराक का आंकड़ा देश की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का प्रयास है कि इस अभियान के तहत प्रत्येक पात्र किशोरी तक टीके की सुरक्षा पहुंचे और स्वस्थ एवं विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिले।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय कार्यालय ने भी भारत को 14 वर्ष की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन की एक करोड़ से अधिक खुराक देने पर बधाई दी है। संगठन ने सरकार, स्वास्थ्यकर्मियों, समुदायों, अभिभावकों और सहयोगी संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक लड़की तक इस टीके की सुरक्षा पहुंचाना सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2026 में की थी। इसके तहत 14 वर्ष की किशोरियों को अभिभावकों की सहमति से सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त, सुरक्षित और स्वैच्छिक रूप से एचपीवी वैक्सीन की एक खुराक दी जा रही है। देश में इस आयु वर्ग की करीब 1.2 करोड़ किशोरियां सालाना लक्ष्य समूह में शामिल हैं। अब तक एक करोड़ से अधिक खुराक देकर लगभग 87 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा चुका है।
छह राज्यों में शत-प्रतिशत कवरेज
टीकाकरण कवरेज के मामले में गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार ने अपने चिन्हित लक्ष्य समूह का 100 प्रतिशत कवरेज हासिल किया है। वहीं, 12 राज्य 80 प्रतिशत से अधिक कवरेज का आंकड़ा पार कर चुके हैं।
असम में 95.63 प्रतिशत, तेलंगाना में 95.28 प्रतिशत, कर्नाटक में 93.16 प्रतिशत, उत्तराखंड में 90.17 प्रतिशत, छत्तीसगढ़ में 86.21 प्रतिशत और राजस्थान में 85.23 प्रतिशत टीकाकरण दर्ज किया गया है। केरल में 77.02 प्रतिशत, तमिलनाडु में 76.12 प्रतिशत और ओडिशा में 74.90 प्रतिशत कवरेज रहा है। दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव में यह आंकड़ा 72.99 प्रतिशत है।
कुल टीकाकरण की संख्या के लिहाज से उत्तर प्रदेश 29.33 लाख से अधिक किशोरियों को टीका लगाकर पहले स्थान पर है। बिहार में 13.70 लाख से अधिक और गुजरात में 7.75 लाख से अधिक किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है।